Suhani Bhatnagar Death: सिनेमा जगत में छोटी सी उम्र में ही पॉपुलैरिटी हासिल करने वाली एक्ट्रेस सुहानी भटनागर (Suhani Bhatnagar) का निधन हो गया है। उन्होंने महज 19 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। इस खबर के सामने आने के बाद इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फैंस और इंडस्ट्री के लोग सभी शॉक्ड हैं। फैंस स्क्रीन पर ‘दंगल गर्ल’ की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन, अब उनके निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।

सुहानी भटनागर फरीदाबाद की रहने वाली थीं। उन्हें फिल्म ‘दंगल’ के लिए जाना जाता है। उन्होंने इसमें आमिर खान की बेटी और जूनियर बबीता फोगाट का रोल प्ले किया था। इससे वो रातों रात पॉपुलर हो गई थीं। उनके निधन ने सभी को हिलाकर रख दिया है। एक्ट्रेस के निधन की वजह को लेकर बताया जा रहा है कि उनके पूरे शरीर में पानी भर गया था। कुछ समय पहले सुहानी का एक्सीडेंट हो गया था। इसकी वजह से उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। कहा जा रहा है कि इलाज में जो दवाए सुहानी ने ली थीं उससे उनको साइड इफेक्ट हो गया था। इसकी वजह से धीरे-धीरे उनके शरीर में पानी भर गया था। वो काफी दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थीं।

कौन हैं सुहानी भटनागर?

सुहानी भटनागर के बारे में बात की जाए तो वो बॉलीवुड की चाइल्ड आर्टिस्ट थीं। उन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दंगल’ में काम किया था। इसे 2016 में रिलीज किया गया था, जिससे एक्ट्रेस को लाइमलाइट मिली थी। मूवी में उन्होंने जूनियर बबीता फोगाट का रोल प्ले किया था। इसमें उनके अभिनय को खूब सराहा गया था। इसके अलावा एक्ट्रेस कई टीवी एड्स में भी काम कर चुकी थीं।

क्यों बनाई थी फिल्म से दूरियां?

फिल्म ‘दंगल’ से रातोंरात हिट होने के बाद सुहानी भटनागर ने स्क्रीन से दूरियां बना ली थीं। इस मूवी से पॉपुलैरिटी मिलने के बाद उनके पास फिल्मों की लाइन लग जाती। लेकिन, सुहानी ने काम से ब्रेक लेने का फैसला किया था। इसकी वजह को लेकर बताया जाता है कि वो पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थीं। कई इंटरव्यू में भी सुहानी ने कहा था कि पढ़ाई के बाद वो फिर से सिनेमा में वापसी करेंगी।

भले ही वो फिल्मों से दूर थीं। मगर इस बीच सुहानी भटनागर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थीं। लेकिन, 25 नवंबर 2021 के बाद से वो इंस्टाग्राम पर एक्टिंग नहीं दिखीं। इससे पहले उन्हें अक्सर अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए देखा गया। इस दौरान उनका ट्रांसफॉर्मेशन देख लोग हैरान हो गए थे। उनका लुक पहले से काफी बदल गया था। वो पहले से ज्यादा ग्लैमरस दिखने लगी थीं।