सहारा इंडिया फैमिली के फाउंडर सुब्रत रॉय ने 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ है। 12 नवंबर को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिनों तक चले इलाज के बाद 14 नवंबर को रात करीब 10:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनका कारोबार हर तरफ फैला हुआ था। वह केवल बिजनेसमैन ही नहीं थे, उनके कनेक्शन राजनीति से लेकर बॉलीवुड तक थे। सुब्रत रॉय का ‘सहारा वन मोशन पिक्चर्स’ नाम से प्रोडक्शन हाउस था। राय ने बॉलीवुड की तमाम फिल्मों को प्रोड्यूस किया था। जिनमें ‘वांटेड’, ‘नो एंट्री’ और ‘डोर’ शामिल है। उनका बॉलीवुड से गहरा नाता था। अमिताभ बच्चन उनके खासमखास थे।
अमिताभ के काम आए थे सुब्रत राय
एक वक्त ऐसा था जब अमिताभ बच्चन दिवालिया हो गए थे। उस वक्त उनका सहारा सुब्रत राय बने थे। दरअसल अमर सिंह और अमिताभ बच्चन के अच्छे संबंध थे। अमर सिंह और सुब्रत राय ने मिलकर देश में हवाई सेवा शुरू की थी। तो महानायक के बुरे वक्त में अमर सिंह उन्हें लेकर सुब्रत राय के पास पहुंचे थे। बताया जाता है कि अमिताभ ने अपने खराब समय में सुब्रत राय की पार्टी में मेहमानों का स्वागत किया था। रिपोर्ट्स की मानें तो अमिताभ बच्चन ने सुब्रत राय के मेहमानों को शराब परोसी थी।
जो हवाई सेवा सुब्रत राय और अमर सिंह ने शुरू की थी वह नेताओं और फिल्मी सितारों के निजी सेवाओं में काम आती थी। उस समय अमिताभ बच्चन काफी सक्रिय थे और उन्होंने कई फिल्मी सितारों को हवाई सेवा से उत्तर प्रदेश के दर्शन करवाये। ये देख सुब्रत काफी खुश हुए और जल्द ही उन्हें मेंबर ऑफ ड्यूटी काउंसिल बना दिया गया।
सुब्रत राय के लाइफस्टाइल के बारे में अधिकतर लोग जानते हैं। लेकिन हम आपको बता दें कि उन्होंने अपने बेटों की शादी में करोड़ों लुटाये थे। इस शादी को बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने शूट किया था और इस शादी का खाना ताज ग्रुप के लीड शेफ हेमंत ओबेरॉय द्वारा बनाया गया था। सुब्रत ने साल 2004 में अपने बेटों सुशांतो और सीमातों की शादी की थी, जिसमें करीब 250 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।