रीना रॉय और शत्रुघ्न सिन्हा के लव अफेयर के किस्से जगजाहिर हैं। 70 से 80 के दशक में शत्रुघ्न सिन्हा औऱ रीना रॉय के प्यार के खूब चर्चे हुए, सबको लगा था कि दोनों शादी कर लेंगे। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने इस अफेयर को लेकर कभी भी मीडिया से कुछ नहीं छिपाया। खुले तौर पर सबके सामने रीना रॉय संघ घूमने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्ट्रेस को कई फिल्में में काम भी दिलवाया।

ऐसा ही एक किस्सा है जब शत्रुघ्न सिन्हा एक फिल्म में काम कर रहे थे तो उसी फिल्म में उन्होंने रीना रॉय को भी मुख्य भूमिका में काम दिलवा दिया था। उस वक्त सुभाष घई डायरेक्टर के तौर पर इंडस्ट्री में डेब्यू कर रहे थे। उनकी नजर में शत्रुघ्न थे जिन्हें लेकर वह अपनी फिल्म बनाना चाहते थे। उस वक्त शत्रुघ्न सिन्हा निगेटिव शेड्स में नजर आते थे। ऐसे में वह अपने विलेन अवतार के लिए काफी पॉपुलर थे। लेकिन शत्रुघ्न के लिए वह इस रिस्क को उठा कर उन्हें अपनी फिल्म में मेन रोल देना चाहते थे।

ये फिल्म थी- कालीचरण। फिल्म में काम करने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा ने हां बोल दिया। अब सुभाष घई फिल्म के लिए हिरोइन की तलाश कर रहे थे। इस पर झट से शत्रुघ्न सिन्हा ने रीना रॉय को उनसे मिलवा दिया। अब हिरोइन भी फाइनल हो गई।

फिल्म की शूटिंग पूरी हुई, इस बीच डायरेक्टर को शत्रुघ्न सिन्हा के साथ काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं। शत्रुघ्न उस वक्त सेट पर लेट आने को लेकर बहुत फेमस थे। लेकिन फिर भी उन्होंने एडजस्ट कर ही लिया। फिल्म रिलीज हुई और सुपरहिट हो गई। वहीं इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा और रीना रॉय के प्यार के किस्से भी चर्चा में आने शुरू हो गए।

अब सुभाष घई ने एक और फिल्म बनाने का मन बनाया- विश्वनाथ। जिसके लिए उन्होंने फिर से शत्रुघ्न को मेन रोल के लिए चुना। सुभाष को उस वक्त लगता था कि शत्रु और रीना दोनों अच्छे दोस्त हैं, दोनों की बॉन्डिंग अच्छी है। ऐसे में उन्होंने फिल्म में शत्रुघ्न के अपोजिट रीना को ही लिया।

फिल्म की शूटिंग शुरू हुई,  फिल्म निर्माता निर्देशक शत्रुघ्न की लेट आने वाली आदत से तो परेशान थे ही। लेकिन अब एक और चीज उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करती थी जिसमें वह अपना गुस्सा कंट्रोल नहीं कर पाते थे।

दरअसल, शत्रुघ्न सिन्हा पहले तो लेट आते थे, फिर जब आते थे तो सीधा रीना रॉय के मेकअप रूप में जा घुसते थे और बैठ कर बातें करने लगते थे। शत्रुघ्न के लेट आने के बाद शूटिंग के लिए और लेट होना, सुभाष घई को ये बात बिलकुल भी रास नहीं आ रही थी। पूरी यूनिट शत्रु और रीना का इंतजार करते रहते थे, वहीं मेकर्स नुकसान झेलते थे। लेकिन शत्रुघ्न को उस वक्त कुछ कहा नहीं जा सकता था क्योंकि वह काफी बड़े स्टार थे, वहीं सुभाष घई अभी अभी अपना करियर शुरू कर रहे थे।

जैसे तैसे कर के फिल्म बनी और रिलीज हुई। फिल्म रिलीज होते के साथ ही हिट हो गई। फिर शत्रुघ्न के साथ उन्होंने एक फिल्म और की ‘गौतम गोविंदा’ इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कमाल दिखाय़। पर शूटिंग के दौरान सुभाष बहुत परेशान रहने लगे थे। ऐसे में सुभाष घई ने फिर शत्रुघ्न के साथ दोबारा काम नहीं किया।