फिल्म- स्त्री 2
डायरेक्टर- अमर कौशिक
प्रोड्यूसर- दिनेश विजान
स्टारकास्ट- राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना, पंकज त्रिपाठी और अन्य
अवधि- 2 घंटे 27 मिनट
रेटिंग- 4/5
जब कभी पर्दे पर कोई काल्पनिक किरदार या फिर कहानी को दिखाना होता है तो ये एक फिल्ममेकर के लिए आसान नहीं होता है। क्योंकि उसके आगे सबसे बड़ा चैलेंज होता है कि वो कहानी के साथ दर्शक को कैसे जोड़े। क्योंकि जब दर्शक को फिल्म की कहानी में अपनापन नहीं लगेगा या फिर वो उससे कनेक्ट नहीं होगा तब तक एंटरटेनमेंट की गारंटी दे पाना बड़ा मुश्किल होता है। ऐसे में दिनेश विजान और अमर कौशिक की जोड़ी ने वो कमाल कर दिखाया। दोनों 6 साल के बाद एक बार फिर से सिनेमाघरों में अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘स्त्री’ के सीक्वल को लेकर आए हैं। फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया है। इसके जरिए राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की जोड़ी ने एक बार फिर से वो कमाल दिखाया जो उन्होंने साल 2018 में ‘स्त्री’ में दिखाया था। लेकिन, इस बार थोड़ी मामला अलग है। फिल्म में आपको ढेर सारे ट्विस्ट, सस्पेंस और हॉरर ऐसा कि आपकी धड़कनें थम जाएंगी तो चलिए फिर देर किस बात की है। अगर आप इस मूवी को देखने का प्लान कर रहे हैं तो आपके इसके बारे में बता देते हैं।
कहानी में नई मगर खास नहीं
‘स्त्री 2’ की कहानी से फिल्म के रिव्यू की शुरुआत करते हैं। फिल्म कहानी की बात की जाए तो इस बार ‘स्त्री’ का आतंक नहीं बल्कि सरकटे का आतंक देखने के लिए मिलता है। जैसा कि आपने फिल्म के ट्रेलर में देखा होगा। इसकी कहानी नई और दिलचस्प तो है मगर बेहतर नहीं कहा जा सकता है। इसकी शुरुआत चंदेरी से होती है। जहां इस बार लोग स्त्री की पूजा करते नजर आते हैं मगर सरकटे की एंट्री सब उलट-फेर कर देती है। चंदेरी के लोगों में एक बार फिर से दहशत देखने के लिए मिलती है। गांव के एक-एक करके लड़कियां गायब होती हैं, उसकी भी वजह अलग ही है, जिसे आप फिल्म में देखेंगे तो ज्यादा मजा आएगा। लेकिन, उन्हें सरकटे से बचाने का जिम्मा स्त्री यानी कि श्रद्धा कपूर लेती हैं। वहीं, राजकुमार राव इन सबके बीच अपने प्रेम की कहानी को बुन रहे होते हैं। कहानी में काफी ट्विस्ट हैं। कई राज खुलते हैं, जिसके बारे में यहां बताना ठीक नहीं होगा। उसके लिए आपको फिल्म का रुख करना होगा।
दिल जीत लेगा जना, विक्की-बिट्टू ने भी दिखाया कमाल, श्रद्धा का चला जादू
इसके साथ ही फिल्म ‘स्त्री 2’ में स्टारकास्ट की एक्टिंग की बात की जाए तो ये मल्टीस्टारर है। इसमें राजकुमार राव (विक्की), श्रद्धा कपूर (स्त्री), पंकज त्रिपाठी (रुद्र) और अभिषेक बनर्जी (जना) हैं। सभी ने अभिनय दमदार अभिनय से फिल्म में समा बांध दिया है। इस बार श्रद्धा कपूर ज्यादा पावरफुल होती हैं। वो अपने जादू से सरकटे स भिड़ती हैं। इसमें उनका साथ राजकुमार राव देते हैं। एक्ट्रेस दर्शकों का खूब मनोरंजन करती हैं। वहीं, राजकुमार राव और पंकज त्रिपाठी की कॉमिक टाइमिंग कमाल की है। इसके साथ ही अभिषेक बनर्जी ने जना के किरदार में कमाल ही कर दिया है। जहां उन्हें ‘वेदा’ में विलेन के रोल में काफी सीरियस देखा गया वहीं, ‘स्त्री 2’ में उनकी एक्टिंग और कॉमेडी का तो कोई जवाब नहीं। अपारशक्ति खुराना अपनी आशिकी में चूर रहते हैं और खूब गुदगुदाते हैं। इसके साथ ही फिल्म में कुछ गेस्ट अपीयरेंस भी रही हैं। जैसे तमन्ना भाटिया का आइटम नंबर। वैसे ही कई और कैमियो देखने के लिए मिलेंगे, जो कि फिल्म में जान डालने का काम करते हैं। उनके बारे में हम नहीं बताएंगे वरना आपकी फिल्म का मजा खराब हो जाएगा। क्योंकि फिल्म के कुछ किरदारों का कैमियो काफी सरप्राइजिंग है, जो आपको कुर्सी की पेटी से बंधे रहने पर मजबूर कर देगा।
अमर कौशिक का निर्देशन
अब बात की जाए फिल्म ‘स्त्री 2’ के निर्देशन की तो ये जिम्मा अमर कौशिक ने संभाला है। डायरेक्टर ने एंटरटेनमेंट के लिए पूरी जान लगा दी। उन्होंने हॉरर के साथ कॉमेडी का डोज देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। फिल्म में ऐसी कई कड़ियां हैं, जो आपको हंसाती भी हैं और डराती भी हैं। डायलॉग्स काफी फनी हैं। विजुअल और वीएफएक्स कमाल के हैं। वहीं, साउंड इफेक्ट्स को तो कड़ी को मजबूत बनाते हैं और आपको डराते भी हैं। कुछ सीन्स में तो लगेगा कि सच में वो घटना आपके साथ घटती है। फिल्म का फर्स्ट हाफ कमाल का है। लेकिन बात जब सेकंड हाफ की आती है तो वो फर्स्ट हाफ और कहानी के मुकाबले थोड़ा कमजोर लगता है। क्लाइमैक्स ठीक-ठाक कहा जा सकता है। यहां आपको थोड़ी कमी महसूस होगी। मगर कॉमेडी और ट्विस्ट इसकी भरपाई कर देगा।
फिल्म के गाने और म्यूजिक
इसके साथ ही ‘स्त्री 2’ के गाने और म्यूजिक पर नजर डाली जाए तो ये कमाल के हैं, जो कि आपको फिल्म की हर कड़ी से जोड़ते हैं। हॉरर के हिसाब से बैकग्राउंड म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया है, जो कि आपको डराते भी हैं। फिल्म का म्यूजिक कहानी की कड़ी को मजबूत बनाता है। इसमें तमन्ना भाटिया का स्पेशल सॉन्ग ‘आज का मजा आंखों से लीजिए’ कमाल का है। थिएटर में बड़े पर्दे पर देखकर इस गाने को और तमन्ना भाटिया का सिजलिंग अंदाज दिल खुश कर देता है। वहीं, श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव का रोमांटिक सॉन्ग ‘तुम्हारे थे तुम्हारे हैं…’ और पवन सिंह की आवाज में ‘आई नहीं’ भी कमाल का रहा।
देखना चाहिए या नहीं?
अब अगर फिल्म ‘स्त्री 2’ के देखने की बात की जाए तो आप इसे बिल्कुल देख सकते हैं। कुल मिलाकर निचोड़ बताया जाए तो ये अच्छी फिल्म है। इसमें कॉमेडी, ह्यूमर, म्यूजिक और हॉरर सीन्स हैं। लंबा वीकेंड है तो ये फिल्म आपके लिए अच्छी साबित हो सकती है। इसे आप दोस्तों, गर्लफ्रेंड और परिवार के साथ खूब इन्जॉय करने वाले हैं। फिल्म को इस वीकेंड का ट्रीट समझ सकते हैं। वहीं, अगर आपने फर्स्ट पार्ट ‘स्त्री’ देखी है तो ये जान लीजिए आपको इसके सीक्वल में एंटरटेनमेंट का डबल डोज मिलने वाला है।