तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के कोरियोग्राफर और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शेख जानी बाशा उर्फ जानी मास्टर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। जानी ने हाल ही में ‘स्त्री 2’ के गाने को भी कोरियोग्राफ किया है,  उन पर 21 साल की लड़की ने काम के बदले सेक्सुअल फेवर की डिमांड का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि एक बार नहीं बल्कि कई बार कोरियोग्राफर ने उसका शोषण करने, धमकियां देने और चोट पहुंचाने की कोशिश की।

शिकायतकर्ता ने 11 सितंबर को रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में जानी मास्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। उनके खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज हुई और इसे नरसिंगी पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया। इस मामले में एक महिला संगठन ने भी उनकी मदद की। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक जानी ने पहली बार पीड़िता से संपर्क तब किया था जब उसने 16 साल की उम्र में एक टेलीविजन शो साइन किया था। एफआईआर के मुताबिक, लड़की को जानी के साथ बतौर असिस्टेंट कोरियोग्राफर काम करने के लिए संपर्क किया गया था।

लड़की की शिकायत के अनुसार उससे काम के बदले सेक्सुअल फेवर मांगा गया। उसने बताया कि वो महज 16 साल की थी, तब उसे काम का झांसा देकर एक होटल में बुलाया गया था। जहां मास्टर जानी ने उसका शोषण किया और फिर उसे धमकाया गया कि अगर उसने किसी को भी इस बात के बारे में बताया तो उसे काम नहीं मिलेगा। उसने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि हर शूटिंग के दौरान या जब भी मौका मिलता, बाशा ने उसका शोषण और यौन उत्पीड़न किया।

नरसिंगी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि वे इस बात पर भी विचार कर रहे हैं कि क्या बाशा पर POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है क्योंकि जब पीड़िता के साथ पहली बार कथित तौर पर मारपीट की गई थी, तब वो नाबालिग थी।

शिकायत के अनुसार, जानी मास्टर ने कथित तौर पर उस पर धर्म परिवर्तन करने और उससे शादी करने का दबाव भी डाला था। उसने आरोप लगाया कि कथित यौन उत्पीड़न और उत्पीड़न के कारण उसे कहीं और काम तलाशने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिससे जानी मास्टर नाराज हो गया और उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की।