दिग्गज अदाकारा श्रीदेवी के निधन को करीब चार साल हो चुके हैं। ये चार साल का वक्त किसी के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल रहा है तो वो हैं फिल्ममेकर और श्रीदेवी के पति बोनी कपूर। श्रीदेवी की यादों से पल भर के लिए भी बोनी कपूर जुदा नहीं हो पाते हैं, ये बात उन्होंने खुद ही बताई थी। अब एक बार फिर से बोनी कपूर ने श्रीदेवी की याद में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में उन्होंने श्रीदेवी की थ्रोबैक तस्वीर फैंस के साथ शेयर की है।
श्रीदेवी की ये तस्वीर अपने आप में बयां करती है कि ये पल उनके और बोनी कपूर के लिए कितने खास रहे होंगे। बोनी कपूर अकसर ही श्रीदेवी के साथ बिताए यादगार लम्हों को फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। इस तस्वीर में श्रीदेवी की मांग से लेकर गालों पर लाल सिंदूर लगा दिखाई दे रहा है।
वहीं इस तस्वीर की बात करें तो बोनी कपूर ने तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘साल 2012 में लखनऊ के सहारा सहर में दुर्गा पूजा सेलिब्रेट करते हुए।’ बोनी कपूर का ये पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
श्रीदेवी की ये तस्वीर इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि उनके बैक पर सिंदूर से बोनी कपूर का नाम लिखा हुआ है। बता दें कि दुर्गा पूजा में सिंदूर खेला जाता है। इस दौरान सभी शादी-शुदा महिलाएं एक दूसरे को सिंदूर लगाती है और खूब मस्ती से लाल रंग से एक दूसरे को रंगती हैं। ऐसे में श्रीदेवी ने अपनी पीठ पर बोनी कपूर का नाम लिखा था।
श्रीदेवी की इस तस्वीर को देखने के बाद उनके और बोनी कपूर के बीच की बॉन्डिंग का साफ अंदाजा लगाया जा सकता है। बता दें कि 24 फरवरी 2018 को श्रीदेवी का दुबई के एक होटल में निधन हो गया था। श्रीदेवी वहां अपने भांजे की शादी में शिरकत करने के लिए गई थीं।
श्रीदेवी का करियर: श्रीदेवी ने अपने करियर में करीब 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत करने वाली श्रीदेवी ने कैमरे के सामने आकर दर्शकों का हर बार दिल जीता। श्रीदेवी ने अगल-अलग फिल्मों में अपने अलग-अलग रंग दिखाए और फैंस को हर बार अपनी अदाकारी से हैरान किया। श्रीदेवी अपने फिल्मी सीन पूरे करने के मामले में काफी पैशेनेट थीं।
श्रीदेवी की पर्सनल लाइफ: बता दें कि श्रीदेवी वर्कफ्रंट के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी हमेशा सुर्खियों में रहती थीं। करियर के दौरान उनका नाम कई सुपरस्टार्स और को-स्टार्स के साथ जोड़ा गया था। वहीं अब श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर भी ग्लैमर की दुनिया का चमकता हुआ चेहरा बन गई हैं।