बॉलीवुड एक्ट्रेस जहान्वी कपूर इन दिनों जोर शोर से अपनी अगली फिल्म ‘मिली’ के प्रमोशन में लगी हैं। फिल्म के ट्रेलर से पता चलता है कि ये पिता और बेटी के मजबूत रिश्ते की कहानी है। जहान्वी कपूर रियल लाइफ में भी अपने पिता प्रोड्यूसर बोनी कपूर के काफी करीब हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जान्हवी ने पिता की सिगरेट की आदत के बारे में बात करते हुए बताया कैसे वो और उनकी बहन खुशी बोनी कपूर की सिगरेट नष्ट कर दिया करती थीं।

पिंकविला से बातचीत में जहान्वी ने बताया कि बोनी कपूर काफी सिगरेट पिया करते थे। उनकी मां स्वर्गीय श्रीदेवी इस आदत को लेकर काफी परेशान रहती थीं।

जहान्वी ने कहा,”पापा बहुत सिगरेट पीते थे। मेरे ख्याल से ये ‘नो एंट्री’और ‘वॉन्टेड’ के समय की बात है। हर सुबह मैं और खुशी उनकी सिगरेट के पैकेट को नष्ट करने का कोई न कोई तरीका ढूंढते थे। हम या तो सिगरेट को काट देते थे या सिगरेट में टूथपेस्ट डाल देते थे। हर रोज हम कुछ न कुछ करते थे। लेकिन कुछ काम नहीं आया। मॉम भी उनके साथ लड़ती रहती थीं।”

पति की सिगरेट छुड़वाने के लिए श्रीदेवी ने छोड़ दिया था नॉनवेज
जहान्वी ने बताया कि एक समय ऐसा था कि श्रीदेवी ने नॉनवेज खाना छोड़ दिया था, जबकि डॉक्टर ने उन्हें ऐसा करने को नहीं कहा था। क्योंकि वो बोनी कपूर की सिगरेट छुड़ाना चाहती थीं इसलिए वो वेजिटेरियन बन गईं। उन्होंने कहा मैं नॉनवेज नहीं खाऊंगी, जब तक तुम स्मोकिंग नहीं छोड़ते। जबकि डॉक्टर ने उन्हें कहा था कि तुम बहुत कमजोर हो और तुम्हें अधिक नॉनवेज खाना चाहिए और उन्होंने मना कर दिया। जहान्वी ने कहा कि पापा उनकी मिन्नते करते थे।

जहान्वी ने कहा कि बोनी कपूर ने करीब 4-5 साल पहले आखिरकार सिगरेट छोड़ दी। एक्ट्रेस ने कहा,”आखिरकार 4-5 साल पहले उन्होंने कहा कि वो चाहती थी मैं सिगरेट छोड़ दूं, तब मैं नहीं कर पाया, लेकिन अब मैं करूंगा।”बता दें कि श्रीदेवी का निधन साल 2018, फरवरी में हुआ था।