हेमा मालिनी और धर्मेंद्र का प्यार जगजाहिर है। बॉलीवुड के हीमैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र ने जब हेमा मालिनी से शादी की तो वो पहले से ही शादीशुदा और बच्चों के पिता थे। ड्रीम गर्ल से शादी के लिए एक्टर ने धर्म तक बदल लिया था। वो उनसे शादी के लिए एक्ट्रेस के घरवालों से भी लड़ गए थे। यही नहीं, जब हेमा मालिनी की मां जया चक्रवर्ती और पिता चुपके से उनकी शादी चेन्नई में करवा रहे थे तो धर्मेंद्र खबर लगते ही वहां पहुंच गए थे। क्योंकि एक्ट्रेस की मां धर्मेंद्र को दामाद बनाने के खिलाफ थीं। वो उन्हें नापसंद करती थीं। वो तो बेटी की शादी साउथ में ही करवाना चाहती थीं। उनके लिए लड़का तक पसंद कर रखा था। वो कोई और नहीं बल्कि साउथ एक्टर गिरीश कर्नाड थे। ऐसे में चलि बताते हैं आखिर क्या हुआ, जो हेमा मालिनी की शादी उनसे नहीं हो पाई।
दरअसल, हेमा मालिनी के माता-पिता को धर्मेंद्र के साथ उनका रिश्ता मंजूर नहीं था। वो नहीं चाहते थे कि एक्ट्रेस एक शादीशुदा इंसान को अपना हमसफर चुने या उनके साथ घर बसाएं। इसलिए, उन्होंने चुपके से ड्रीम गर्ल की शादी जितेंद्र से करवाने का सोचा। दोनों स्टार कई फिल्मों में साथ काम कर चुके थे। उनकी जोड़ी ने खूब तारीफें भी बटोरी थी। हालांकि, जितेंद्र और हेमा का रिश्ता मुकम्मल नहीं हो पाया। कहा जाता है कि वो तो बस परिवार के दबाव में आकर इस शादी के लिए राजी हो गए थे। वहीं, जब धर्मेंद्र को इस शादी की भनक लगी थी तो उन्होंने चेन्नई पहुंचकर इस शादी को रुकवा दिया था। इसके बाद हेमा मालिनी की मां ने उनकी शादी साउथ के इस एक्टर गिरीश कर्नाड के साथ करवानी चाही।
साउथ इंडियन को दामाद बनाना चाहती थीं हेमा मालिनी की मां
हेमा मालिनी की मां जया की शुरू से ही इच्छा थी कि उनका दामाद कोई साउथ इंडियन ही बने। वो साउथ एक्टर गिरीश कर्नाड को काफी पसंद करती थीं। उनकी एक्टिंग और काम की बड़ी फैन थीं। वो एक्टर होने के साथ-साथ फेमस प्लेराइटर और डायरेक्टर भी थे। ‘मायापुरी’ के 250वें अंक के हवाले से बताया जाता है कि हेमा मालिनी की मां ने गिरीश कर्नाड संग बेटी की शादी करवाने का फैसला भी कर लिया था। इसके लिए उन्होंने कई तरकीबें भी अपनाईं। लेकिन, वो इसमें सफल नहीं हो पाईं।
प्यार के आगे फेल हुई जया चक्रवर्ती की ट्रिक्स
जया चक्रवर्ती ने हेमा मालिनी और गिरीश कर्नाड को साथ लाने के लिए बेटी पर उनके साथ काम करने का दबाव बनाया। दोनों साल 1979 में फिल्म ‘रत्नादीप’ में साथ नजर आए। लेकिन, जया अपने प्लान में सफल नहीं हो पाईं क्योंकि हेमा मालिनी का धर्मेंद्र के लिए प्यार दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा था। इसके बाद एक्ट्रेस के घरवालों को अंत में हार मानकर हेमा मालिनी की शादी धर्मेंद्र से करवानी ही पड़ी। कपल ने साल 1980 में शादी कर ली थी। एक्टर ने पहली पत्नी प्रकाश कौर को तलाक नहीं दिया था। वो उनके साथ ही रहते हैं मगर ड्रीम गर्ल अलग घर में रहती हैं। वो अक्सर एक्ट्रेस से मिलने जाया करते हैं और साथ में वक्त बिताते हैं। आपको बता दें कि हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की पहली मुलाकात साल 1970 में हुई थी। तब दोनों फिल्म ‘तुम हसीं मैं जवां’ की शूटिंग कर रहे थे।