साउथ के सुपरस्टार एक्टर जूनियर एनटीआर (Jr NTR) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। आज दुनियाभर में उनकी पहचान जूनियर एनटीआर के तौर पर है। उनका असली नाम नंदमुरी तारक रामा राव जूनियर है। एक्टर आज अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 20 मई, 1983 को हैदराबाद में हुआ था। दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुके एक्टर जूनियर एनटीआर भले ही रॉयल फैमिली से ताल्लुक रखते हैं लेकिन फिल्मों में करियर बनाना उनके लिए भी आसान नहीं रहा है। उनकी लाइफ में भी एक ऐसा समय रहा है जब उन्होंने काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्हें लोग बदसूरत कहकर ट्रोल किया करते थे। लेकिन, आज वो एकदम फिट हैं। ऐसे में चलिए आपको उनके बारे में बताते हैं।

जूनियर एनटीआर तेलुगु स्टार, फिल्ममेकर और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामा राव के पोते हैं। एक्टर को लोग प्यार से तारक बुलाते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 8 साल की उम्र में ही कर दी थी। उन्होंने पहली बार बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट 1991 में आई दादा की फिल्म ‘ब्रह्मऋषि विश्वमित्र’ से की थी। इसमें तारक ने राजा भरत का रोल प्ले किया था। इसका निर्देशन उनके दादा ने ही किया था। इसके बाद एक्टर को 14 साल की उम्र में श्रीराम के रोल में देखा गया था। 1997 में फिल्म ‘रामायणम्’ में काम किया था। इसके लिए उन्हें बेस्ट चिल्ड्रेन फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। वहीं, जूनियर एनटीआर ने बतौर लीड एक्टर 18 साल की उम्र में डेब्यू किया था। उनकी पहली फिल्म 2001 में ‘निन्नु चूडालानी’ थी।

मोटापे और लुक्स की वजह से लोग कहते थे ‘बदसूरत’

आपको बता दें कि जूनियर एनटीआर ने फिल्मों में करियर तो जरूर शुरू कर लिया था लेकिन, लोग उनके लुक्स और मोटापे का अक्सर मजाक उड़ाया करते थे। उन्हें बदसूरत तक कहा जाने लगा था। इसके लिए उन्हें काफी ट्रोल भी किया जाता था। साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘राखी’ के लिए उन्होंने काफी ट्रोल्स का सामना किया था। इस दौरान उनका वजन करीब 100 किलो था। इसके बाद 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘लोक परलोक’ में जूनियर एनटीआर ने काम किया। इसके लिए उन्होंने 20 किलो वजन घटाया था। इसमें उनके लुक को काफी पसंद किया गया था। फिर उन्होंने 2013 में रिलीज हुई ‘बादशाह’ जैसी फिल्मों में काम किया और 6 पैक एब्स से सभी को हैरान कर दिया था।

राजामौली ने दिलाई थी पहली हिट

जूनियर एनटीआर को पहली हिट फिल्म दिलाने वाले कोई और नहीं बल्कि राजामौली हैं। दोनों पहली बार साथ में काम साल 2001 में किया था। उनकी पहली फिल्म ‘स्टूडेंट नंबूर 1’ रही है। इससे राजामौली ने डायरेक्शन में डेब्यू किया था। इस मूवी से उनकी जोड़ी और फिल्म दोनों हिट हुई थी। इसके बाद उन्होंने साथ में तीन और फिल्मों में काम किया और सभी की सभी हिट रही थीं। इसमें ‘सिम्हाद्री’, ‘लोक-परलोक’ और ‘RRR’ जैसी मूवीज के नाम शामिल हैं। 2002 में रिलीज हुई ‘आदि’ और ‘सिम्हाद्री’ की सफलता ने जूनियर एनटीआर को फैंस के बीच पॉपुलर बना दिया था।

450 करोड़ है नेटवर्थ

इसके अलावा जूनियर एनटीआर की लाइफ की बात की जाए तो वो काफी लैविश लाइफ जीते हैं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट की मानें तो उनकी कुल नेटवर्थ 450 करोड़ है। एक्टर के पास हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में एक आलीशान घर है, जिसकी कीमत करीब 25 करोड़ बताई जाती है। इतना ही नहीं, हैदराबाद के पास एक फार्महाउस, मुंबई और बेंगलुरु में एक-एक अपार्टमेंट भी है।

जूनियर एनटीआर गाड़ियों के भी शौकीन हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो उनके पास लैंबोर्गिनी यूरस ग्रेफाइट कैप्सूल है। इसे खरीदने वाले वो पहले भारतीय हैं। इसके अलावा उनके पास रेंज रोवर वोग, पोर्श 718 कैमेन और बीएमडब्ल्यू 720 एल डी भी है। इसके साथ ही उनकी फिल्मों की फीस की बात की जाए तो इसे लेकर बताया जाता है कि वो एक फिल्म के लिए 50-60 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं और वो साउथ इंडस्ट्री के सबसे हाईएस्ट पेड एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हैं।

‘देवरा’ में नजर आएंगे जूनियर एनटीआर

बहरहाल, अगर जूनियर एनटीआर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो जल्द ही फिल्म ‘देवरा’ में नजर आने वाले हैं। बर्थडे के मौके पर फिल्म से फर्स्ट सॉन्ग ‘फियर’ जारी किया गया है। इसमें एक्टर को दमदार एक्शन मोड में देखा गया था। इस मूवी के जरिए एक्टर पहली बार जान्हवी कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आने वाले हैं। उनकी इस फिल्म की रिलीज का फैंस को बेसब्री से इंतजार है।