साउथ सिनेमा के ऐसे कई एक्टर्स हैं, जिन्होंने हिंदी फिल्मों में भी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। इसी में से एक दुलकर सलमान हैं, जिनकी साउथ के साथ हिंदी में भी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। एक्टिंग में उनका 12 साल का करियर रहा है। उन्होंने ‘सीता रामम’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है। लेकिन, उनके बारे में बहुत कम ही लोग जानते होंगे कि वो फिल्मों में आने से पहले 9-5 की दुबई में एक IT फर्म में नौकरी करते थे। बाद में उन्होंने एक्टिंग में आने का फैसला किया था। ऐसे में चलिए एक्टर के बारे में दिलचस्प बातों के साथ नेट वर्थ के बारे में बताते हैं।

दरअसल, दुलकर सलमान आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 28 जुलाई, 1983 को कोच्चि, केरल में हुआ था। उन्हें फैंस प्यार से DQ और Kunjikka भी बुलाते हैं। इतना ही नहीं, वो एक्टर ममूटी के छोटे बेटे हैं। उन्होंने विदेश से बिजनेस मैनेजमेंट में पढ़ाई की है। इसके बाद वो दुबई की एक IT फर्म में काम करने लगे थे। बताया जाता है कि कुछ समय के बाद उन्हें 9-5 की नौकरी रास नहीं आती थी। उन्होंने जॉब छोड़कर एक्टिंग में करियर बनाने का फैसला किया। मुंबई आए और बैरी जॉन एक्टिंग स्टूडियो में तीन महीने का एक्टिंग कोर्स किया।

12 साल पहले किया था डेब्यू

आपको बता दें कि दुलकर सलमान को फिल्मों में पहला ब्रेक साल 2012 में मिला था। उनकी पहली फिल्म ‘सेकंड शो’ थी। इसके बाद उन्होंने ‘उस्ताद होटल’, ‘एबीसीडी’, ‘सीता रामम’ जैसी फिल्मों से काम किया और अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। उन्होंने अपने करियर में मलयालम, तेलुगू और तमिल के अलावा हिंदी फिल्मों में भी काम कर अभिनय का लोहा मनवाया है।

12 साल में इतनी करोड़ है नेट वर्थ

9-5 की नौकरी करने वाले दुलकर सलमान आज एक फिल्म के लिए लाखों चार्ज करते हैं और करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी नेट वर्थ करीब 57 करोड़ है। उनके पास कोच्चि में एक विला है। इसकी कीमत 4 करोड़ रुपए बताई जाती है। वहीं, उनके पास BMW 7 सीरीज से लेकर फरारी तक जैसी लग्जरी और महंगी गाड़ियां हैं। इनकी कीमत करोड़ों में है। वहीं, उनकी फैमिली की बात की जाए तो उन्होंने 22 दिसंबर, 2011 को अमाल सूफिया से शादी की थी। इनकी अरेंज्ड मैरिज है। अमाल आर्किटेक्ट हैं। दोनों की एक बेटी है।

बहरहाल, अगर दुलकर सलमान की फिल्मों की बात की जाए तो आखिरी बार एक्टर को फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में देखा गया था। वहीं, उनकी आने वाली फिल्म ‘लकी भास्कर’ है। उनके पास एक और तेलुगु मूवी भी है। इसका टाइटल Aakasam Lo Oka Tara है।