बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों की लगातार मदद कर रहे हैं। अब तक हजारों मजूदरों को बसों से सुरक्षित उनके घर भेज चुके हैं। इस नेक काम के लिए सोशल मीडिया पर उनकी काफी तारीफ हो रही है। वहीं यूपी कांग्रेस ने सोनू सूद के बहाने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने यहां तक कहा है कि सोनू सूद ये नेक काम महाराष्ट्र में कर रहे हैं, अगर यूपी में होते तो योगी सरकार उनको जेल भेज देती।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रियंका गांधी द्वारा मुहैया कराई गई बसों को अनफिट बताते हुए योगी सरकार ने राज्य की सीमा से वापस कर दिया था। यूपी कांग्रेस ने इसी को आधार बनाते हुए सोनू सूद के बहाने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, ‘शुक्र मनाइए कि सोनू सूद जी महाराष्ट्र में नेक काम कर हजारों यूपी के लोगों की मदद कर रहे हैं। यूपी में होते तो यूपी सरकार पहले बसों को स्कूटर बोलती, फिर उनकी फिटनेस का अड़ंगा अटकाती और फिर सोनू सूद को जेल में डाल देती।’ आगे लिखा, ‘योगी सरकार नेक कार्य/ सेवा कार्य करने पर जेल भेजती है।’

बता दें, कांग्रेस के इस ट्वीट पर लोग उसे ही लपेटे में ले लिए। कई यूजर्स महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार होने और वहां के हालात को लेकर निशाने पर लिए। एक यूजर ने लिखा, महाराष्ट्र की सरकार खुद कुछ नही कर रही इसलिए रोकना तो दूर की बात। शर्म तो आती नही बोलते हुए। सोनू सूद कर रहा है। तुम क्या कर रहे हो महाराष्ट्र में यह बताओ। कहते हुए भी शर्म नही आती।

एक अन्य ने लिखा, कांग्रेसियों को अभी शर्म नहीं आ रही है। महाराष्ट्र सरकार तो भाषण दे रही सिर्फ। नहीं तो प्रवासी मजदूरों की यह दुर्गति नहीं होती जो ट्रक में, पैदल गए हैं। अगर कांग्रेस पार्टी इसके साथ मिली ना होती यह दशा मजदूरों की नहीं होती। कांग्रेस पार्टी ही मजदूर विरोधी है।

तुम्हारी सरकार क्या महाराष्ट्र में सो रही है। क्या तुम नहीं कर सकते हो कुछ। उत्तर प्रदेश का तो ठीक है। 1000 बस महाराष्ट्र सरकार को क्यों नहीं दे देती है प्रियंका जी।