एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला की अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है। उनके निधन का कारण हार्ट अटैक बताया गया था, फिर बाद में कई तरह के कारण सामने निकल कर आए। ये भी कहा गया कि वो एंटी एजिंग ट्रीटमेंट ले रही थीं, जिसके साइड इफेक्ट के कारण उनकी जान चली गई। वहीं एक कारण ये भी निकलकर सामने आया है कि उनके घर पर सत्यनारायण की कथा थी और वो पूरा दिन व्रत पर थीं। जब उन्होंने खाना खाया तो उनका ब्लड प्रेशर लो हो गया, जिसके कारण ऐसा हुआ। अब उनकी दोस्त पूजा घई ने सब बात बताई कि वास्तव में हुआ क्या था। उन्होंने ये भी बताया कि जिस वक्त शेफाली की तबीयत बिगड़ी उनके पति पराग घर पर नहीं थे।

कहां थे शेफाली के पति?

पूजा घई ने विक्की लालवानी के  साथ खास बातचीत में शेफाली के आखिरी पलों के बारे में बताया और पराग त्यागी ने शेफाली को जब देखा तो वो बेसुध हालत में थीं। पूजा ने बताया कि डिनर के बाद शेफाली ने अपने पति से उनके कुत्ते को टहलाने के लिए कहा था। पूजा ने बताया कि जिस वक्त शेफाली की तबीयत बिगड़ी पराग अपने डॉग सिंबा को लेकर बाहर टहलाने ले गए थे। लेकिन तभी उनके हाउस हेल्प ने उन्हें कॉल किया और बताया कि शेफाली की तबीयत ठीक नहीं है। क्योंकि उनका डॉग बूढ़ा हो चुका है तो पराग ने हेल्पर को नीचे आने को कहा और फिर उसे डॉग देकर शेफाली के पास घर गए। मगर जब वो घर पहुंचे तो शेफाली  बेसुध थीं, उनकी नब्ज चल रही थी, लेकिन वो आंखें नहीं खोल रही थीं। वो उन्हें लेकर तुरंत अस्पताल गए, लेकिन रास्ते में ही शेफाली ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में शेफाली को मृत घोषित कर दिया गया।

पूजा ने कहा, “वास्तव में क्या हुआ, ये हमें पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद पता चलेगा, लेकिन जहां तक मुझे समझ में आया है, उसने डिनर किया और पराग से कुत्ते को टहलाने के लिए कहा। जैसे ही वो नीचे गया, घर के हेल्पर ने उसे फोन किया और कहा, ‘दीदी की तबीयत ठीक नहीं है।’ तो, शेफाली ने उससे कहा, ‘क्या तुम अभी ऊपर आ सकते हो, मेरा ख्याल रखो?'”

पराग ने बताया कैसी थी शेफाली की हालत

पूजा ने आगे बताया, “पराग ने कहा कि उसकी नब्ज अभी भी चल रही थी। और उसकी आंखें नहीं खुल रही थीं,  वो हिल नहीं पा रही थी और उसका शरीर भारी हो गया था। उसे तुरंत एहसास हो गया होगा कि कुछ गड़बड़ जरूर है और वो उसे अस्पताल ले गया… बेलव्यू में लाए जाने से पहले ही वो खत्म हो चुकी थी।”

कई लोगों ने शेफाली के पति पराग त्यागी के कुत्ता टहलाने वाले वीडियो पर सवाल उठाए, मगर जब पराग को शेफाली की अस्थियां ले जाते वक्त रोते हुए देखा गया तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। पराग और शेफाली की लव स्टोरी परियों की कहानी से कम नहीं थी। शेफाली के ग्लैमर और खूबसूरती का हर कोई फैन था, लेकिन पराग को उनका दिल पसंद आया। एक बार इंटरव्यू में पराग ने बताया था कैसे उन्हें शेफाली से प्यार हुआ था। उन्होंने कहा था, “शेफाली बहुत प्यारी है। जब उसका म्यूजिक वीडियो आया था, तो लोगों के मन में उसकी दूसरी छवि थी, लेकिन वो अपनी स्क्रीन इमेज से बिल्कुल अलग थी। वो एक ऐसी लड़की है जिसे कोई भी लड़का अपनी पत्नी के रूप में पाना चाहेगा। वो बहुत ख्याल रखने वाली है, और यो दिखता भी है। किसी इंसान को जज करने के लिए, आपको उसके घर में क्या हो रहा है, ये देखना होगा। वो अपने माता-पिता से प्यार करती है और एक बेटे की तरह उनकी देखभाल करती है। वो मेरे माता-पिता की भी देखभाल करती है।” बता दें कि पराग त्यागी और शेफाली जरीवाला ने 12 अगस्त, 2014 में एक दूसरे से शादी की थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…