शत्रुघ्न सिन्हा ने हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री में कई बेहतरीन फिल्में दी। महानायक अमिताभ बच्चन के समकालीन शत्रुघ्न सिन्हा कभी उनके बड़े प्रतिद्वंदी माने जाते थे। हालांकि बाद में उन्होंने फिल्में छोड़ राजनीति का रुख कर लिया था। उन्हें फ़िल्म इंडस्ट्री में प्यार से शॉट गन कहा जाता है। यह नाम वरिष्ठ पत्रकार शोभा डे ने दिया था। दरअसल उनका नाम इतना मुश्किल था कि लोगों को इसके उच्चारण में दिक्कत आती थी और आज भी कई लोग उनका सही नाम नहीं ले पाते हैं। इस दिलचस्प किस्से का जिक्र शत्रुघ्न सिन्हा ने The Kapil Sharma Show पर किया था।
शो के एंकर कपिल शर्मा ने उनसे पूछा था, ‘शत्रु सर का निकनेम भी एकदम दबंग वाला है शॉटगन। सर ये नाम किसने दिया आपको?’ जवाब में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था, ‘ इस शॉटगन की मां हैं शोभा डे। शोभा डे जो कि एक बहुत बड़ी पत्रकार हैं। दरअसल मेरा नाम तो Shatrughna है न। मैंने थोड़ा सिंपल किया जब एफटीआईआई में जाना था। मैंने कहा ये नाम कैसे लोग याद रखेंगे तो मैंने इसे Shatrughan कर दिया। मैंने सोचा अब कहानी खत्म हुई लेकिन दरअसल कहानी वहीं से शुरू होती है।’
उन्होंने आगे बताया था, ‘भिन्न भिन्न प्रांत के लोग आज तक किस तरह भिन्न भिन्न तरीके से उच्चारण करते हैं। मिसाल के तौर पर मेरे बंगाली दोस्त अभी तक मुझे शोतृघ्नो कहते हैं। हमारे पंजाबी दोस्त अभी तक मुझे कहते हैं की हाल है शत्रुगंज जी.. दरियागंज.. पहाड़गंज, शत्रुगंज।’
शत्रुघ्न सिन्हा आगे कहते हैं, ‘हमारे गुजराती दोस्तों ने फर्स्ट नेम और सरनेम दोनों बदल दिया। कहते हैं- जोरदार ताली से स्वागत करें, मिस्टर शत्रुजन सियां का। बिहार के लोग हैं कहते हैं बाबू शत्रुहन सिन्हा। अरे हम शत्रुघ्न सिन्हा हैं तो कहते हैं कि देखिए, हम दोबारा तो करेक्ट नहीं करते लेकिन आपके लिए कर देते हैं शत्रुधन सिन्हा।’
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि एक बार वो पाकिस्तान के किसी इवेंट में गए थे जहां उनका नाम शतुरमुर्ग सिन्हा पुकारा गया था। वो बोले, ‘एक बार पाकिस्तान पहुंच गया। उन्होंने कहा ख्वातीन हजरात, शाम के जलसे में तशरीफ ला चुके हैं जनाब शतुर्गमुर्ग सिन्हा।’
शत्रुघ्न सिन्हा के परिवार के सभी लोगों के नाम रामायण के किरदारों से प्रभावित हैं। वो चार भाई हैं जिनमें वो सबसे छोटे हैं। उनके बड़े भाइयों के नाम हैं- राम, लक्ष्मण और भरत। शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने बेटों के नाम भी राम के बेटों के नाम पर रखे हैं- लव सिन्हा और कुश सिन्हा।