अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, संजीव कुमार, हेमा मालिनी और जया बच्चन स्टारर फिल्म शोले हिंदी सिनेमा की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक मानी जाती है। इस फिल्म में पहले शत्रुघ्न सिन्हा भी काम करने वाले थे। लेकिन फिर शत्रुघ्न सिन्हा ने इस ब्लॉकबस्टर हिट फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया। आखिर ऐसी क्या वजह थी कि शत्रुघ्न सिन्हा ने ये फिल्म अपने हाथ से जाने दी?

इस बारे में अब 46 साल बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने खुलासा किया। साथ ही अमिताभ बच्चन को लेकर भी एक बात कही। शो इंडियन आइडल 12 में शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बारे में बताया। सिंगिंग रिएलिटी शो के अपकमिंग एपिसोड में शत्रुघ्न सिन्हा नजर आने वाले हैं। शो में उनके साथ पत्नी पूनम सिन्हा भी नजर आएंगी। इस शो को शूट करते हुए एक्टर ने फिल्म शोले का भी जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि रमेश सिप्पी ने ये फिल्म शत्रुघ्न सिन्हा को ऑफर की थी। लेकिन उन्होंने इस फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया। इस बात का उन्हें पछतावा भी है।

एक्टर और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा- ‘आप इसे कह सकते हैं कि ये मानवीय भूल थी। रमेश सिप्पी साहब एक बहुत अच्छी फिल्म बनाने में जुटे हुए थे। उन्होंने बनाई शोले, जोकि बाद में एक ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई। दुनिया ने उस फिल्म की जम कर तारीफ की। भारत रत्न और ऑस्कर विनर सत्यजीत रे ने भी फिल्म को बहुत पसंद किया। ‘

दरअसल, शो की शूटिंग के दौरान हिमेश रेशमिया ने शत्रुघ्न सिन्हा से इस फिल्म को लेकर सवाल कर लिया था कि आखिर उन्होंने इतनी शानदार स्क्रिप्ट क्यों ठुकराई। इस पर शत्रुघ्न सिन्हा ने ये जवाब दिया था। उन्होंने आगे कहा- ‘उस समय में मैं लगातार शूटिंग में व्यस्त था। उन दिनों मैं दो दो हीरो वाली फिल्मों में साथ काम कर रहा था, इसे मानवीय भूल का नाम दिया जा सकता है। मेरी डेट्स भी क्लैश कर रही थीं। ऐसे में मैंने शोले साइन नहीं की।’

अमिताभ बच्चन को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा– ‘मैंने शोले नहीं की इस बात से मैं काफी मायूस था। लेकिन खुश भी था, क्योंकि इस फिल्म से अमिताभ को बड़ा ब्रेक मिला। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं।’