सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल अपनी शादी को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। कपल अब पति-पत्नी बन चुका है। 23 जून को दोनों ने रजिस्टर मैरिज की और एक-दूजे के हो गए। ऐसे में सोनाक्षी के दूसरे धर्म में शादी करने की वजह कुछ लोग काफी नाराज हैं। कुछ लोगों ने तो इसे लव जिहाद का मामला भी बता दिया। इस शादी का खामियाजा शत्रुघन सिन्हा की फैमिली को भी उठाना पड़ रहा है। लोग उन्हें भी ट्रोल कर रहे हैं। इन सभी चीजों को देखते हुए शत्रुघन सिन्हा ने गुस्सा जाहिर किया है और कहा कि वो अपने परिवार पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि ये कोई पहली बार नहीं है जब इस तरह से दूसरे धर्म में शादी हुई है।

दरअसल, शत्रुघन सिन्हा ने हाल ही में टाइम्स नाउ के साथ बात की और इस दौरान उन्होंने सोनाक्षी की शादी और ट्रोलिंग पर बात की। इस दौरान एक्टर ने कहा कि उन्होंने बहुत बड़े-बड़े संकट देखे हैं और ये तो उनके आगे कुछ भी नहीं है। दो धर्म के बीच अंतर को लेकर उनका कहना है कि इसमें कोई परेशान होने वाली बात नहीं थी। उन्होंने खुद को आम परिवार की तरह ही बताया।

इसके साथ ही शत्रुघन सिन्हा ने बेटे लव के सोनाक्षी की शादी के खिलाफ होने पर कहा कि पारिवारिक मामले परिवार के भीतर ही रहने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि किस परिवार में मतभेद नहीं होते? उनका मानना है कि कुछ मद्दों असहमति और बहस हो सकती है। फिर भी सभी एक परिवार हैं और उन्हें कोई तोड़ नहीं सकता है। इतना ही नहीं, शत्रुघन सिन्हा ने आगे कहा कि ये कोई पहली बार नहीं है कि इस तरह की शादी हुई है। एक्टर ने कहा कि उनकी फैमिली को दुष्प्रचार के अभियान का शिकार बनाया गया है। उन्होंने अंत में साफ किया कि वो इस तरह के हमले परिवार के खिलाफ बर्दाश्त नहीं करेंगे।

शत्रुघन सिन्हा ने दामाद पर जताया भरोसा

अंत में शत्रुघन सिन्हा ने दामाद जहीर इकबाल पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि एक पिता के तौर पर वो अपनी बेटी के लिए खुश हैं। वो अपनी बेटी के जिंदगी के फैसले का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि बेटी की खुशी ही उनकी खुशी है। एक्टर ने दामाद पर भरोसा जताया और कहा कि उन्हें यकीन है कि जहीर, सोनाक्षी को खुश रखेंगे।

शादी से पहले 7 साल किया डेट

आपको बता दें कि सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने शादी से पहले एक-दूसरे को 7 साल तक डेट किया था। 7 साल रिलेशनशिप में रहने के बाद कपल ने शादी का फैसला किया। इनकी वेडिंग सेरेमनी सोनाक्षी के अपार्टमेंट में हुई। इस फंक्शन में परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। शादी के बाद कपल ने एक रिसेप्शन पार्टी भी होस्ट की थी, जिसमें बॉलीवुड से ढेरों सितारों ने शिरकत की थी।