Shatrughan Sinha On Saif Ali Khan: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर 16 जनवरी को हमला हुआ था। एक शख्स उनके बांद्रा वाले घर में चोरी करने के लिए घुसा था और इस दौरान उसने अभिनेता पर हमला कर दिया, जिससे एक्टर को काफी चोट आई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। जैसे ही यह खबर बाहर आई हर कोई हैरान रह गया।
आम लोगों से लेकर बॉलीवुड स्टार्स तक ने इस पर रिएक्शन दिया और अपनी चिंता जाहिर की। अब दिग्गज अभिनेता शत्रुघन सिन्हा ने भी अपना रिएक्शन दिया है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक लंबा-चौड़ा नोट शेयर किया है।
बंद करें ब्लेम-गेम खेलना
शत्रुघन सिन्हा ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि हमारे करीबी, प्रिय और चहेते सैफ अली खान पर हुए दुखद हमले से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। भगवान का शुक्र है कि वे ठीक हो रहे हैं। एक विनम्र अपील है कि कृपया ‘ब्लेम-गेम’ बंद करें, पुलिस अपना काम अच्छे से कर रही है। हम निश्चित रूप से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री की चिंता और सुधारात्मक उपायों के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं।
इसके आगे उन्होंने लिखा कि मामले को और जटिल न बनाएं। मामला जल्द ही सुलझ जाएगा, जितनी जल्दी हो सके उतना अच्छा है। उपमुख्यमंत्री और हमारे मित्र एकनाथ सिंदे को उनके दयालु शब्दों, अत्यधिक देखभाल और प्रयासों के लिए धन्यवाद। आखिरकार सैफ सबसे शानदार स्टार/अभिनेता में से एक हैं और पद्मश्री और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता भी हैं। कानून अपना काम करेगा, क्योंकि चीजें सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं। जल्दी ठीक हो जाओ।
सोहा ने दी भाई की हेल्थ अपडेट
सोहा अली खान आज यानी 19 जनवरी को मुंबई में हुए एक इवेंट का हिस्सा बनी थीं। इसमें जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि भाई की हेल्थ अपडेट क्या है, तो उन्होंने राहत भरी जानकारी दी, जिसे सुनने के बाद फैंस को भी राहत मिल सकती है। बता दें कि एक्ट्रेस अस्पताल में भी कुणाल खेमू के साथ जाकर सैफ अली खान से मिलकर आई थीं। पूरी खबर यहां पर पढ़ें।