राज कपूर की ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में रूपा का किरदार निभाने से पहले जीनत अमान कुछ लोकप्रिय फिल्मों में नजर आ चुकी थीं। उन्होंने शशि कपूर के साथ भी काम किया था, जो उस वक्त हजारों लड़कियों के क्रश हुआ करते थे। उन लड़कियों में से जीनत अमान भी एक थीं, शशि कपूर उनका स्कूल गर्ल क्रश थे और ये बात एक्ट्रेस ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर की गए एक पोस्ट में बताई।
जीनत ने ‘एक बार फिर’ फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने को-एक्टर शशि के बारे में बात की, वो उनका टीनएज क्रश थे। जीनत अमान ने एक क्लिप शेयर की जो उनकी पहली ऑनस्क्रीन किस की है। वो किस जिसे लेकर उस वक्त खूब बवाल मचा था, एक्ट्रेस ने बताया कि शशि कपूर ने उन्हें उस किस सीन के दौरान कंफर्टेबल करने की कोशिश की थी।
जीनत ने कैप्शन में लिखा, “मैंने इस क्लिप को आपके साथ दो कारणों से शेयर किया है। सबसे पहले, ये मेरे करियर का एक बड़ा पल था। ये मेरा पहला ऑन स्क्रीन किस था, और हालांकि उस समय इसने काफी हंगामा मचाया था, लेकिन ये वास्तव में काफी पवित्र है। इसे शूट करते समय मुझे वाकई एक पल भी असहजता महसूस नहीं हुई। दूसरा, क्योंकि स्कूल गर्ल जीनत इस पोस्ट की हिम्मत से रोमांचित होगी, और ये एहसास कि एक स्कूली गर्ल का क्रश रियल हो सकता है, भले ही सिर्फ सेल्युलाइड के लिए ही क्यों न हो।”
जीनत ने उसी कैप्शन में ये भी बताया कि वो पहली बार शशि से पंचगनी में अपने बोर्डिंग स्कूल में मिली थीं, जहां अभिनेता अपने थिएटर ग्रुप के साथ आया करते थे। उन्होंने लिखा कि शशि हर भारतीय स्कूल गर्ल की कल्पना थे, जिसमें वो भी शामिल थीं। “पहली बार जब मैंने उन्हें देखा, तब मैं बोर्डिंग स्कूल में थी। वो शेक्सपियरना थिएटर कंपनी (अपनी भावी पत्नी जेनिफर सहित) के सदस्यों के साथ शेक्सपियर का प्रदर्शन करने के लिए पंचगनी आए थे! और हे भगवान, उन्होंने लड़कियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।”
एक झलक के लिए इंतजार करती थीं जीनत अमान
उन्होंने बताया कि जब वो अभिनेत्री बनने से पहले मुंबई में रहती थीं, तो शशि उनके ही मोहल्ले में रहते थे और वो अपनी अन्य सहेलियों के साथ स्टार की एक झलक पाने के लिए इंतजार करती थीं। “मेरी किस्मत अच्छी थी कि शशि दक्षिण बॉम्बे में रहते थे और मेरे घर से ज्यादा दूर नहीं रहते थे। अब पड़ोसी बात करते हैं और जल्द ही ये बात फैल गई कि शशि कपूर की शाम को ठीक 6 बजे घूमने की आदत थी। मेरी सहेलियों और मैंने, जवानी के जोश में, पूरी सर्दियों की छुट्टियां अपने माता-पिता को ये समझाने में बिता दीं कि हमें ताजी हवा की जरूरत है और हमारे अच्छे स्वास्थ्य के लिए सूर्यास्त की सैर जरूरी है। बेशक, हम बस यही उम्मीद कर रहे थे कि शॉर्ट्स में फिल्म स्टार की एक झलक मिल जाए।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने कई फिल्मों में साथ काम किया – ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘रोटी, कपड़ा और मकान’, ‘चोरी मेरा काम’ और ‘वकील बाबू’ और उन्हें लगा कि वो एक बुद्धिमान और आकर्षक व्यक्ति हैं।” उन्होंने कहा, “वो मुहफट अंदाज में बात करने और मुस्कुराने में बहुत तेज थे। वो एक गर्मजोशी से भरे और अद्भुत व्यक्ति थे, और पृथ्वी थिएटर के रूप में अपने पड़ोस में उनकी विरासत को जीवित और फलते-फूलते देखना वाकई खास है।”
जीनत अमान इंस्टाग्राम पर पुरानी यादें और उनसे जुड़ी कहानियां शेयर करती रहती हैं। इससे पहले उन्होंने अमिताभ बच्चन ‘कुली’ के वक्त हुई बड़ी दुर्घटना के बाद पहली बार शूटिंग का किस्सा सुनाया था। इसके साथ ही उन्होंने ‘पुकार’ का ‘समंदर में नहा के’ गाने के पीछे की कहानी भी बताई थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…