लोकगायिका शारदा सिन्हा का निधन हो गया है। वे कई दिनों से बीमार चल रही थीं। 72 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। पूरे बॉलीवुड और संगीत जगत में इस समय शोक की लहर है, हर कोई इस महान गायिका को अपनी श्रद्धांजलि दे रहा है।
जानकारी के लिए बता दें कि वो पिछले 10 दिनों से दिल्ली के एम्स में एडमिट थीं। पिछले दिनों ही उनके बेटे अंशुमान ने उनकी हेल्थ को लेकर जानकारी दी थी कि उनकी मां की हालत स्थिर थी। मगर बीती रात एक बार फिर से शारदा सिन्हा की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हे वेंटिलेटर सपोर्ट पर शिफ्ट कर दिया गया था। अब कैंसर से वह जंग हार गई हैं और 72 साल की उम्र में उनका निधन हुआ है।
छठ पूजा के गानों को अमर करने वालीं शारदा सिन्हा का निधन
बताया जा रहा है कि जब से सिंतबर में उनके पति का निधन हुआ था, शारदा भी डिप्रेशन में चली गई थीं, वे सदमे थीं। कई दिनों तक उन्होंने जंग लड़ी, लेकिन रीकवर नहीं कर पाईं। एम्स ने एक जारी बयान में बताया है कि रात 9 बजकर 20 मिनट पर Septicemia की वजह से उनका निधन हुआ है। पीएम मोदी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
वे लिखते हैं कि सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!