बॉलीवुड एक्टर शक्ति कपूर वह अभिनेता हैं जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में लोगों को डराया भी है और हंसाया भी है। उन्होंने कॉमेडी भी की है और विलेन का भी रोल निभाया है। ज्यादातर लोगों को यह मालूम नहीं है कि शक्ति कपूर का असली नाम सुनील सिकन्दरलाल कपूर है। शक्ति आज इंडस्ट्री में अपने काम के लिए कम और अपनी बेटी के बॉलीवुड डेब्यू की खबरों को लेकर ज्यादा चर्चा में हैं। शक्ति का जन्म आज ही के दिन 1958 में हुआ था। शक्ति आज 59 साल के हो गए हैं लेकिन उनके जोश और उत्साह में कोई कमी नहीं है। आज भी जब वह किसी चैनल या अखबर को इंटरव्यू के लिए मिलते हैं तो उनमें उतनी ही ऊर्जा और उत्साह होता है।

आज शक्ति कपूर का जन्मदिन है तो चलिए आपको बताते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ मजेदार फैक्टस् जो आपको शायद ही मालूम हों। शक्ति एक मध्यमवर्गीय पंजाबी परिवार में पैदा हुए थे। उनके पिता दिल्ली के कनॉट प्लेस में दर्जी की दुकान चलाया करते थे और उनके अपना नाम बदल लेने के पीछे भी एक दिलचस्प किस्सा है। तो चलिए शुरुआत यहीं से करते हैं। असल में संजय दत्त के पिता सुनील दत्त ने जब फिल्म रॉकी के लिए शक्ति को विलेन का रोल ऑफर किया तो शक्ति को अपना नाम एक विलेन के तौर पर अच्छा नहीं लगा। इसलिए उन्होंने तभी यह फैसला लिया कि वह अपना नाम बदल लेंगे और उन्होंने अपने सरनेम को छोड़ कर बाकी पूरा नाम बदल दिया।

शक्ति कि शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में ही हुई थी। वह डीयू के करोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएट हैं। शक्ति ने फिल्म जगत में शुरुआत विलेन के तौर पर ही की थी लेकिन बाद में उन्हें लगा कि वह कॉमेडी रोल्स में भी हाथ आजमा सकते हैं। शक्ति कपूर को गोविंदा के साथ फिल्म राजा बाबू में उनके किरदार के लिए आज भी जाना जाता है। कम ही लोग यह जानते हैं कि वह एक अच्छे मिमिक्री आर्टिस्ट भी हैं। शक्ति के बारे में शायद ही आपको याद हो कि वह छोटे पर्दे पर भी अपीयरेंस दे चुके हैं। रिएलिटी शो बिग बॉस में वह बतौर सेलेब कंटेस्टेंट शो का हिस्सा रहे थे और फिल्म म्यूजिकल कॉमेडी शो आसमान से गिरे खजूर में अटके में भी वह नजर आए। हालांकि टीवी पर उनका करियर उतना सक्सेसफुल नहीं रहा।