शाहरुख खान की फिल्म Jawan का पहला गाना एक ही दिन में छा गया है। इस फिल्म का गाना ‘जिंदा बंदा’ 31 जुलाई को रिलीज हुआ और पहले ही दिन इसका जादू छा गया। जी हां! ये गाना इस साल का सबसे अधिक देखा जाने वाला हिंदी गाना बन गया है।

शाहरुख खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जवान’ 7 सितंबर को थिएटर में रिलीज होने वाली है और फैंस बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना 31 जुलाई को रिलीज किया, जिसका टाइटल ‘जिंदा बंदा’ है और इस गाने ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया। फिल्म को यूट्यूब पर 46 मिलियन बार देखा गया है। जिसके बाद ये गाना साल 2023 का सबसे अधिक देखा जाने वाला हिंदी गाना बन गया है।

इस फिल्म को शाहरुख खान और गौरी की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म के गाने को इतना प्यार मिलने पर रेड चिलीज के सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट शेयर कर सबका धन्यवाद किया है। इस पोस्ट पर भी लोगों ने खूब प्यार लुटाया है।

यह गाना मेकर्स ने सोमवार को हिंदी, तमिल और तेलुगु सहित तीन अलग-अलग भाषाओं में रिलीज किया था। हिंदी में गाने का नाम जिंदा बंदा, तमिल में ‘वंधा एडम’ और तेलुगु में ‘धुम्मे धुलिपेला’है। केवल एक दिन में 46 मिलियन का आंकड़ा सोशल मीडिया और ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के व्यूज को छोड़कर है।

एटली की ये फिल्म काफी चर्चा में है। ‘पठान’ के बाद शाहरुख के फैंस बेसब्री से उनकी इस अगली फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म में शाहरुख खान के अलावा नयनतारा और विजय सेतुपति मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं दीपिका पादुकोण एक स्पेशल अपीयरेंस में हैं। साथ ही सान्या मल्होत्रा, प्रियामणि, गिरिजा ओक, संजीता भट्टाचार्य, लेहर खान, आलिया कुरेशी, रिद्धि डोगरा, सुनील ग्रोवर और मुकेश छाबड़ा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।