शाहिद कपूर बॉलीवुड के सफल एक्टर की लिस्ट में शुमार हैं। वो ना केवल एक्टिंग बल्कि अपने लुक की वजह से भी काफी सुर्खियों में रहते हैं। लड़कियां तो आज भी उन पर जान लुटाती हैं। फिर भले ही वो क्यों ना शादीशुदा और बच्चों के पिता हैं। शाहिद ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है। वो मानते हैं कि भले ही उनके पिता पंकज कपूर इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर हैं, लेकिन उन्होंने सफल एक्टर बनने के लिए कड़ी मेहनत की है। उनके बारे में बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि शाहिद ने अपनी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। एक समय ऐसा आया था जब वो डिप्रेशन से जूझ रहे थे। इसकी वजह उनका एक महीने में 3 फिल्मों का फ्लॉप होना था। चलिए बताते हैं इस किस्से के बारे में…
दरअसल, शाहिद कपूर आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 25 फरवरी, 1981 को दिल्ली में हुआ था। वो पंकज कपूर और नीलिमा अजीम के बेटे हैं। एक्टर ने फिल्मों में करियर की शुरुआत बैकग्राउंडर के तौर पर शुरू की थी। उन्होंने ऐश्वर्या राय की फिल्म ‘ताल’ में भी बैकग्राउंड डांसर का रोल प्ले किया था। हालांकि, उन्हें ब्रेक फिल्म ‘इश्क विश्क’ से मिला था, जिसे 2003 में रिलीज किया गया था। उन्होंने इसके लिए फिल्मफेयर का बेस्ट एक्टर डेब्यू का अवॉर्ड भी जीता था। इसके बाद एक्टर ने कई फिल्मों में काम किया लेकिन, एक समय ऐसा आया जब उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हो रही थीं। फिर उनकी डूबती नैया को सूरज बड़जात्या ने बचाई थी।
एक महीने में दी 3 फ्लॉप
ये बात उन दिनों की है जब उन्होंने सूरज बड़जात्या के साथ हिट फिल्म ‘विवाह’ की थी। इस मूवी में अमृता राव के साथ उनकी केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था और आज भी ये फिल्म लोगों के जहन में है। एक इंटरव्यू में शाहिद ने इस फिल्म को लेकर बताया था कि जब उन्होंने ये फिल्म की थी तो वो डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उन्हें सेल्फ डाउट होने लगा था। इसकी शूटिंग से पहले एक महीने में उनकी तीन फिल्मों फ्लॉप हो गई थीं, जिसके बाद उन्हें सेल्फ डाउट होने लगा था। ये फ्लॉप फिल्में ‘शिखर’, ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी’ और ‘दीवाने हुए पागल’ थी।
सूरज बड़जात्या ने दी थी एक सलाह
शाहिद ने बताया था कि उन्हें ‘विवाह’ की शूटिंग करते हुए 8-10 दिन ही हुए थे। फिर एक दिन वो सूरज बड़जात्या की वैनिटी वैन में बैठे थे और शादी का सीक्वेंस शूट करना था, जिसकी वजह से दूल्हे का जोड़ा पहना था। क्योंकि वो सीन नहीं शूट किया जाना था। जब सूरज बड़जात्या उनके पास जगह तो एक्टर ने उनसे पूछा था कि वो उनकी जगह किसी और को कास्ट करना चाहते हैं? इस पर डायरेक्टर ने हैरानी जताई। फिर शाहिद ने उनसे कहा कि वो तीन फिल्में फ्लॉप दे चुके हैं। उनका मानना था कि लोग उन्हें नहीं पसंद करते हैं। सूरज उनकी बातें सुनकर देखते रहे। उनकी बातों को सुनने के बाद डायरेक्टर ने कहा कि क्या वो जानते हैं कि एक्शन और कट के बीच क्या करना है? इस पर शाहिद ने उन्हें जवाब दिया था कि रोज करते हैं। सूरज ने कहा कि बस इतना ही। वो सिर्फ इस पर ध्यान दें। बाकी सब अपने आप आता जाएगा। तभी से शाहिद यही करते हैं और फिल्म हिट रही थी।
आपको बता दें कि शाहिद कपूर की फिल्म ‘विवाह’ को 2006 में रिलीज किया गया था। इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और यहां से उनकी किस्मत बदली। फिर एक्टर ने करीना के साथ ‘जब वी मेट’ की, जिसे साल 2007 में रिलीज किया गया था। इसके बाद विशाल भारद्वाज के साथ ‘कमीने’ की। यहां से एक्टर ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और आज वो एक सफल एक्टर के तौर पर गिने जाते हैं।