एक्ट्रेस गायत्री जोशी (Gayatri Joshi) सड़क हादसे का शिकार हो गई हैं। इटली में हुए भीषण कार हादसे में गायत्री तो सुरक्षित हैं लेकिन दूसरी कार में सवार एक कपल की मौत हो गई है। इस हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि गायत्री जोशी शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के साथ फिल्म ‘स्वदेस’ में नजर आ चुकी हैं। हालांकि इस फिल्म के बाद गायत्री ने बॉलीवुड और एक्टिंग दोनों को अलविदा कह दिया था।
कहां हुआ हादसा?
गायत्री जोशी अपने पति विकास ओबेरॉय के साथ वेकेशन पर इटली गई हुई थीं। इटली के सार्डिनिया इलाके में गायत्री की लैम्बॉर्गिनी कार ओवरटेक के चक्कर में फरारी से टकरा गई। इन दोनों गाड़ियो के पीछे चल रही एक कार में हादसे का वीडियो कैद हो गया। वीडियो में दिख रहा है कि दोनों कारों की टक्कर के बाद एक ट्रक भी असंतुलित होकर पलट गई।
दो लोगों की मौत
इस कार एक्सीडेंट के बाद जो खबरें अब तक सामने आई हैं उसमें बताया जा रहा है कि गायत्री जोशी और उनके पति को मामूली चोट आई है लेकिन फरारी में सवार स्विस दंपति की मौत हो गई है। ट्रक में बैठे शख्स को भी गंभीर चोट आई है।
यहां देखिए वीडियो:
2004 में एक्टिंग में किया डेब्यू फिर छोड़ी इंडस्ट्री
बहरहाल, अगर गायत्री जोशी के करियर की बात की जाए तो अब वो पर्दे से दूर रहती हैं। उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत साल 2004 से की थी। उनकी पहली फिल्म ‘स्वदेस’ थी। इसमें वो शाहरुख खान के अपोजिट गीता के किरदार में नजर आई थीं। इसे डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित किया गया था। क्रिटिकली फिल्म को काफी सराहा गया था हालांकि, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं किया था। इसके लिए गायत्री को बेस्ट डेब्यू का अवॉर्ड भी मिला था लेकिन इसके बाद भी उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया था।
इसके बाद उन्होंने बिजनेसमैन विकास ओबेरॉय से शादी कर ली थी। अब वो दो बच्चों की मां हैं। अब वो केवल इवेंट्स और पार्टीज में नजर आती हैं। आपको बता दें कि गायत्री ने साल 2000 में फेमिना मिस इंडिया इंटरनेशनल भी जीता था।
साउथ एक्टर की कार का भी हुआ एक्सीडेंट
हाल ही में 30 सितंबर को कन्नड़ एक्टर नागभूषण ने अपनी कार से एक कपल को टक्कर मार दी थी। बताया जा रहा था कि वो तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे। इस हादसे में 48 साल की महिला की मौत हो गई थी और वहीं महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया था।