बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) को कई नामों से जाना जाता है। कोई अपने चहेते को बाजीगर, बादशाह, रोमांस किंग तो कोई किंग खान के नाम से बुलाता है। उन्हें इंडस्ट्री में काम करते और लोगों को एंटरटेन करते हुए 31 साल हो चुके हैं। इन 31 सालों में एक्टर ने काफी उतार-चढ़ाव देखे।। आवारा, पागल, दीवाना बन उन्होंने पहली बार पर्दे पर कदम रखा था। गाना ‘कोई ना कोई चाहिए प्यार करने वाला’ में उन्होंने एक अल्हड़ लड़के की भूमिका निभाई थी। ये फिल्म ‘दीवाना’ थी। इसमें एक्टर खूब जमे थे लेकिन, पहचान ‘बाजीगर’ से मिली। ऐसे में चलिए आपको उनके 31 साल के बॉक्स ऑफिस सफर के बारे में बताते हैं…  

दरअसल, शाहरुख खान आज 58 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर आपको उनके बारे में बता रहे हैं। आज किंग खान ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा रहे हैं। इन फिल्मों ने इंडिया में 500 करोड़ से ज्यादा और 1000 करोड़ का आंकड़ा पार किया। उनके लिए ये कोई पहली बार नहीं है जब उनकी कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतना अच्छा कलेक्शन कर रही है। उन्होंने अपनी जिंदगी के तीन दशक सिनेमा इंडस्ट्री को दिए हैं। इस दौरान ऐसे कई पल रहे हैं, जब उनकी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखाया है। पहली बार उन्होंने 1995 में 638 करोड़ कमाए थे।

(Express Photo, Graphic by: Abhishek Mitra)

1992 से 2023 तक इस बीच शाहरुख खान के करियर में कई बड़ी फिल्में रही हैं। इसकी शुरुआत 1993 से होती है। जब उनकी फिल्म ‘दीवाना’ रिलीज हुई। इसके बाद किंग खान ने थ्रिलर ‘बाज़ीगर’ और ‘डर’ में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। उनकी दोनों फिल्मों ने ही 141.2 करोड़ का बिजनेस किया था। वहीं, किंग खान के लिए अगला साल और भी अच्छा रहा, जब ‘अंजाम’ और ‘कभी हां कभी ना’ रिलीज हुई। फिर आया साल 1995। ये साल उनके करियर में अहम भूमिका अदा करता है। ये वही साल था, जब उनकी लगातार 7 फिल्में रिलीज हुईं और हिट रहीं। एक मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और एक्टर के करियर को रातों-रात बना दिया।

साल 1995 में शाहरुख खान की सात फिल्में ‘करण अर्जुन’, ‘जमाना दीवाना’, ‘गुड्डु’, ‘ओह डार्लिंग!’ ‘ये है इंडिया!’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘राम जाने’ और ‘त्रिमूर्ति’ रिलीज हुईं। इस साल किंग खान ने अकेले ही 638.92 रुपये की कमाई अकेले ही कर डाला था। ‘डीडीएलजे’ की सफलता के बाद बॉलीवुड में नया रिकॉर्ड तो बना ही साथ ही एक ऐसे स्टार का जन्म हुए, जिसे रोमांटिक हीरो का टैग दिया गया। इस पर वो खरे भी उतरे और किसी को भी निराश नहीं किया।

(Express Photo, Graphic by: Abhishek Mitra)

इसके बाद साल 2004 तक, शाहरुख ने हर साल दो फिल्मों में काम किया लेकिन 2005 में इसकी संख्या घटकर दो से एक हो गई और 2019 से 2022 तक शून्य हो गई।

2015 के बाद से शाहरुख के करियर में रहा उतार-चढ़ाव

शाहरुख खान ने अपने करियर में साल 2015 के बाद से काफी उतार-चढ़ाव देखे। जहां वो सेलेक्टिव फिल्मों में ही काम कर रहे थे वहीं, फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट का परचम लहराने में सफल नहीं हो पा रही थीं। किंग खान ने इस बीच ‘फैन’ (2016), ‘डियर जिंदगी’ (2016), ‘रईस’ (2017) और ‘जीरो’ (2018) जैसी फिल्मों में काम किया। ‘रईस’ को हटा दिया जाए जाए तो बाकी सभी फिल्में फ्लॉप रही थीं और ‘रईस’ हिट रही थी। इस बीच मेकर्स ने शाहरुख को लेकर जाना कि वो केवल ‘रोमांस के राजा’ ही नहीं बल्कि कई शैलियों में माहिर हैं।

(Express Photo, Graphic by: Abhishek Mitra)

और फिर एक साल में दी दो हिट

जब लगातार फ्लॉप के बाद शाहरुख खान ने एक बार फिर से खुद पर काम करने का फैसला किया और इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत भी की तो एक साल में ही दो ब्लॉकबस्टर दे दी। साथ ही बॉक्स ऑफिस पर इतिहास ही रच दिया। 2023 की शुरुआत में एक्टर की फिल्म ‘पठान’ आई है, जो एक्शन से भरपूर थी। इसने 2023 की शुरुआत में ही 1050.30 करोड़ का कलेक्शन किया और फिर दूसरी हिट आई ‘जवान’। इसने 1100 करोड़ का आंकड़ा पार कर इतिहास ही रच दिया। इन दोनों रिलीज के बाद मानो ऐसा हुआ है कि बॉक्स ऑफिस पर कोई बवंडर उठा हो और थमने का नाम ही ना लिया हो। इसके बाद लोगों की नजर ‘डंकी’ पर है, जिसका टीजर रिलीज हो चुका है। अब देखना होगा कि ये कितने रिकॉर्ड तोड़ती है और क्या कमाल दिखाती है।

ये हैं शाहरुख के करियर की 5 ब्लॉकबस्टर

शाहरुख खान के करियर की ब्लॉकबस्टर फिल्मों की बात की जाए तो इसमें 5 फिल्मों को बड़ी हिट माना जाता है। इस लिस्ट में ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (325.6 करोड़ रुपए), ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ (397.47 करोड़ रुपए) और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ (332.92 करोड़ रुपए) शामिल हैं।