बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा की फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ शुक्रवार (4 अगस्त) को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को पहले दिन अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और लोग शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा की जोड़ी को पसंद कर रहे हैं। दोनों स्टार्स की तीसरी बार सिल्वर स्क्रीन पर साथ आई यह जोड़ी और इनकी एक्टिंग को जहां लोग पसंद कर रहे हैं वहीं फिल्म में कुछ चीजें ऐसी है जो दर्शकों को निराश कर रही हैं और जिनके बारे में आ रहा ओपिनियन निगेटिव है। तो चलिए आपको बताते हैं कि क्या हैं वह चीजें जो फिल्म को कमजोर बनाती हैं।
वीडियो एडिटिंग में गड़बड़ी- फिल्म में कुछ जगहों पर खराब वीडियो एडिटिंग साफ दिखाई देती है। उदाहरण के लिए- फिल्म शुरू होने के कुछ ही देर बाद एक सीन है जिसमें शाहरुख और अनुष्का गाड़ी में जा रहे हैं। शाहरुख की गाड़ी बहुत धीमी चलती नजर आती है और साफ दिखा है कि वह गाड़ी किसी दूसरी गाड़ी पर रखी हुई है।
अनुष्का शर्मा का एक्सेंट- आम-तौर पर अंग्रेजी या हिंदी बोलती नजर आने वाली अनुष्का शर्मा का किरदार एक गुजराती लड़की का है। हालांकि गुजराती पर उनकी कच्ची पकड़ फिल्म में साफ दिखाई देती है। उनकी गुजराती में भी अंग्रेजी का एक्सेंट दिखाई देता है। वह गुजराती बोलने की कोशिश तो करती हैं लेकिन उनकी गुजराती बहुत फ्लैट है।
शाहरुख की बढ़ती उम्र- उम्र के मामले में 50 की दहलीज छू कर आगे बढ़ रहे शाहरुख खान लगातार किसी यंग लड़के का किरदार नहीं करते रह सकते। शाहरुख के फैन्स को शायद इस बात से इत्तेफाक नहीं हो लेकिन उनके किरदार में अब उनकी बढ़ती उम्र साफ नजर आती है।
फिल्म की कहानी- जिस चीज को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा निराशा है वह है फिल्म की कहानी। इसमें कुछ भी नयापन देखने को नहीं मिलता है। कई जगह तो कहानी काफी बचकानी लगती है।
