सतीश कौशिक अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका निधन 8 मार्च को देर रात गुरुग्राम में हार्ट अटैक से हुआ। इस वक्त दिल्ली के दीन दयाल अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम हो रहा है। जिसकी शुरुआती रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह की पुष्टि हो गई है। रिपोर्ट में भी उनकी डेथ का कारण हार्ट अटैक ही सामने आया है।

एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर के शरीर पर किसी तरह की चोट का कोई निशान नहीं है। उनके शरीर में अल्कोहल भी नहीं पाया गया है। जो कारण सामने आया है, वह है उनकी धड़कनें रुकना। उनके ब्लड के सैंपल आगे की जांच के लिए रखे गए हैं। हरियाणा पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

पुलिस को नहीं दी थी जानकारी
हरियाणा पुलिस ने बताया कि सतीश कौशिक के साथ उनकी मौत के वक्त जो लोग मौजूद थे, उनमें से किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। उन्हें अस्पताल प्रबंधन द्वारा फोन किया गया था। जब उनकी तबीयत बिगड़ी उस वक्त वह दिल्ली में मौजूद थे। जैसे ही उनकी हालत बिगड़ने लगी, उन्हें तुरंत गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया।

रात 11 बजे पड़ा था दिल का दौरा
बता दें कि एक दिन पहले उन्होंने मुंबई में होली मनाई थी, इसके बाद 8 मार्च को उन्होंने बिजवासन के फार्म हाउस में होली खेली थी। देर रात करीब 11 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि एक्टर फार्महाउस में कब तक थे। बताया जा रहा है कि फोर्टिस पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस हर एंगल से इस मामले में जांच कर रही है।

आपको बता दें कि सतीश कौशिक ने मुंबई में जमकर होली खेली थी। जावेद अख्तर और शबाना आजमी के घर होली के कार्यक्रम में बॉलीवुड के तमाम सितारे पहुंचे थे। इस कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। सतीश कौशिक ने भी मौत से कुछ घंटों पहले सोशल मीडिया हैंडल पर कुछ तस्वीरें शेयर की थीं।