सुशांत सिंह राजपूत के खुदकुशी मामले में बॉलीवुड फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली से बांद्रा पुलिस स्टेशन में तीन घंटे तक पूछताछ चली है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संजय भंसाली करीब 1 बजे मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचे जहां सुशांत सिंह मामले में उनका बयान दर्ज किया गया। इससे पहले वह अपने जुहू स्थित ऑफिस पहुंचे गए थे जहां अपनी लीगल टीम के साथ बातचीत की थी। गौरतलब है कि मुंबई पुलिस ने संजय लीला भंसाली और शेखर कपूर को पिछले हफ्ते ही पूछताछ के लिए समन भेजा था।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भंसाली ने ‘गोलियों की रासलीला: रामलीला’ और बाजीराव मस्तानी पहले सुशांत को ऑफर की थी। लेकिन बाद में उन्हें सुशांत सिंह की जगह रणवीर सिंह को कास्ट कर लिया था। मुंबई पुलिस भंसाली से इन दोनों फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर भी पूछताछ करेगी।

बिहार में भी भंसाली पर दर्ज है केस

मालूम हो कि सुशांत सिंह आत्महत्या मामले में संजय लीला भंसाली के खिलाफ बिहार में भी केस दर्ज है। संजय भंसाली पर ये केस सुशांत को आत्महत्या के लिए मजबूर करने को लेकर किया गया है। संजय भंसाली के अलावा करन जौहर, आदित्य चोपड़ा, साजिद नाडियाडवाला, सलमान खान, भूषण कुमार, एकता कपूर और दिनेश विजान के खिलाफ मुजफ्फरपुर में केस दर्ज है।

मुंबई पुलिस 30 से ज्यादा लोगोंं के बयान दर्ज कर चुकी है

सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमॉर्टम और विसरा रिपोर्ट में एक्टर के आत्महत्या करने की पुष्टि हुई थी। हालांकि पुलिस एक्टर के सुसाइड केस में कई एंगल से जांच कर रही है। सुशांत सिंह के सुसाइड मामले में मुंबई पुलिस ने अब तक मामले में 30 से ज्यादा लोगों के बायन दर्ज कर चुकी है। इनमें उनका हाउस स्टाफ, मैनेजर, पीआर टीम, एक्स मैनेजर, दोस्त, गर्लफ्रेंड, को-स्टार और परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।