संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी ‘एनिमल’ बीते साल 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को दुनियाभर में खूब पसंद किया गया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 900 करोड़ से अधिक का कारोबार किया है।
थिएटर्स के बाद ओटीटी पर भी फिल्म धमाल मचा रही है। जहां रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की इस फिल्म को दर्शकों ने जहां बेशुमार प्यार दिया है वहीं, इस फिल्म को काफी आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा है। पिछले दिनों आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव ने ‘एनिमल’ को एक स्त्री विरोधी फिल्म कहा था।
इससे पहले जावेद अख्तर ने भी फिल्म फिल्म पर तंज कसा था। उन्होंने एनिमल की सफलता को खतरनाक बताया था। अब जावेद अख्तर के इसी बयान पर संदीप रेड्डी वांगा ने रिएक्ट किया है। आइए जानते हैं आखिर वांगा ने क्या कुछ कहा।
संदीप वांगा ने जावेद अख्तर को सुनाई खरी-खोटी
संदीप रेड्डी वांगा ने हाल ही में सिद्धार्थ कानन को दिए इंटरव्यू में कहा कि ‘ये क्लियर है कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है। उनके कमेंट से यह साफ समझ आ रहा है कि उन्होंने पूरी फिल्म नहीं देखी है। अब अगर कोई बिना फिल्म देखे बात कर रहा है तो मैं उनके बारे में क्या कह सकता हूं। जाहिर तौर पर आपको बुरा लगता है। मैं ये बात सिर्फ उनके लिए ही नहीं बल्कि उन सबके लिए कहना चाहता हूं, जो आर्ट पीस के ऊपर पत्थर फेंक रहे हैं। कि वे पहले अपने आसपास हो रही चीजों को देखें?’
बेटे से सवाल क्यों नहीं किया
संदीप ने आगे कहा कि ‘जब उनके बेटे फरहान अख्तर ‘मिर्जापुर’ बना रहे थे। तो उन्होंने फरहान अख्तर को यही बात क्यों नहीं बताई ? दुनिया भर की गाली मिर्जापुर एक शो में है और मैंने इसे नहीं देखा है। अगर आप उसे देखेंगे तो आपको उल्टी आने लगेगी। दूसरी फिल्मों पर अपनी राय देने से पहले वह अपने बेटे के काम की जांच क्यों नहीं कर रहे हैं?’