कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों के साथ एक डिजिटल बैठक में कहा कि जो लोग डरे हुए हैं वो कांग्रेस से बाहर चले जाएं। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़ गए वो आरएसएस के लोग हैं और उन्हें बाहर ही जाना चाहिए। राहुल गांधी ने कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें अपना घर बचाना था इसलिए वो आरएसएस के साथ चले गए। इसी मुद्दे पर डिबेट के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर तंज किया है।
आज तक के डिबेट शो ‘हल्ला बोल’ में शो की एंकर अंजना ओम कश्यप ने संबित पात्रा से सवाल पूछा, ‘आप उन्हें जबरदस्ती (कांग्रेस) अध्यक्ष क्यों बनाना चाहते हैं, ये तो वो डिसाइड करेंगे?
जवाब में संबित ने कहा, ‘ये तो आप भी जानती हैं, ये तो बहुत नॉटी क्वेश्चन था। आप भी जानती हैं कि हम क्यों चाहते हैं वो अध्यक्ष बनें। वो एसेट हैं, देश के बहुत बड़े एसेट हैं वो। आप नहीं जानती कि हम क्यों चाहते हैं वो अध्यक्ष बनें? हम तो उनके लिए अच्छा चाहते हैं।’
संबित पात्रा आगे बोले, ‘कौन कहता है हम फासिस्ट हैं? कौन कहता है कि हम दूसरों का भला नहीं चाहते। सर्वे भवन्तु सुखिन सर्वे संतु निरामय। हम चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी में सुख, शांति हो, माया से परे जिए, खुशी खुशी रहे। हम चाहते हैं राहुल गांधी अध्यक्ष बन जाएं, इसमें बुराई है क्या? हम सब चाहते हैं राहुल गांधी अध्यक्ष बन जाएं।’
हम सब की चाहत एक ही है …वो अध्यक्ष बन जाए। pic.twitter.com/Vh0pSt9Cem
— Sambit Patra (@sambitswaraj) July 16, 2021
बता दें कि यह पहली बार था जब राहुल गांधी ने पार्टी के सोशल मीडिया विभाग के 3,500 कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए नेताओं, ज्योतिरादित्य सिंधिया जितिन प्रसाद आदि नेताओं पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने यह भी कहा, ‘बहुत सारे लोग जो डरे नही हैं लेकिन कांग्रेस से बाहर हैं, ऐसे सभी लोग हमारे साथ हैं। उन्हें अंदर लाइए और जो डरे हुए हैं, उन्हें बाहर करना चाहिए। ये आरएसएस के लोग हैं, उन्हें बाहर करना चाहिए।’