किसान आंदोलन पर दिग्गज पॉप सिंगर रिहाना, एडल्ट फिल्म स्टार मिया खलीफा और पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग के ट्वीट के बाद मामला गरमा गया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि ये भारत का निजी मामला है और इस तरह से देश की संप्रभुता में दखल देने का अधिकार किसी को नहीं है। उधर, न्यूज 18 इंडिया पर इस मुद्दे पर आयोजित एक डिबेट में भी तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। बीजेपी नेता और पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा बेहद गुस्से में नजर आए।उन्होंने कांग्रेस पार्टी को ये सलाह दे डाली कि वे रिहाना को ही पार्टी का पीएम कैंडिडेट बना लें, अगर रिहाना की बात इतनी ही अच्छी लग रही है तो।
संबित पात्रा ने डिबेट के दौरान बिफरते हुए कहा, ‘आप बताइए आपको री-ट्वीट करने की क्या आवश्यक्ता थी? रिहाना को इतना महत्व देने की? अरे मैं तो इनको प्रपोजल दे रहा हूं, इन्होंने कहा कि 100 मिलियन फॉलोअर हैं उनके, मैं कहता हूं राहुल को हटाओ रिहाना को लाओ…।’
संबित चिल्लाते हुए आगे कहते हैं, ‘राहुल हटाओ रिहाना लाओ। रिहाना को पीएम कैंडिडेट बनाओ। कांग्रेस पार्टी की पीएम कैंडिडेट रिहाना। अरे भैया अच्छा प्रपोजल दे रहा हूं ले लो… रिहाना गांधी। रिहाना गांधी आज से कांग्रेस पार्टी की पीएम कैंडिडेट। इतनी बढ़िया हैं अगर रिहाना तो रिहाना को बनाओ पीएम कैंडिडेट। पात्रा का यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राहुल_हटाओ_रिहाना_लाओ pic.twitter.com/JWakGBew2m
— Sambit Patra (@sambitswaraj) February 3, 2021
सोशल मीडिया पर यूजर्स भी इस वीडियो पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ट्विटर पर एक यूजर ने संबित पात्रा का मजाक उड़ाते हुए कहा, ‘संबित हटाओ डोरेमॉन लाओ।’ एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मोदी हटाओ, अंबानी-अडानी लाओ।’ नीरज पांडे नाम के शख्स ने लिखा, ‘किसान आंदोलन के पक्ष में जो अच्छा आदमी भी आएगा उसे आप लोग स्वीकार नहीं करेंगे। पॉप सिंगर कहीं और की हैं लेकिन फिर भी तो उसकी आवाज किसानों के लिए है। ये मेरे देश का अंदरूनी मामला है तो आपने इस झगड़े को इतना क्यों बढ़ाया कि विदेशों में चर्चा होने लगी है?’
मेहुल नाम के शख्स ने लिखा, ‘किसान आंदोलन पर विदेशी अपनी राय जाहिर कर रहे हैं, जैसे ट्रंप या कोई विदेशी मैग्जीन मोदी की तारीफ करती है तो गोदी मीडिया और अंधभक्त-मंडली कहती है देखो ये है विश्व गुरु, अब किसान आंदोलन पर कुछ विदेशी हस्तियां राय जाहिर कर रही हैं तो इसमें गलत क्या है। मीठा मीठा गप गप, कड़वा कड़वा थू थू? दामिनी नाम की यूजर ने कहा- टरावण में लाख बुराई थी पर उसने रामसेतु पर श्रीराम सेना के लिए कभी कील नहीं ठुकवाई’।