पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद लगातार हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन पर भी कुछ लोगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। उनसे जुड़ा वीडियो भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है जिसमें लोग उनकी कार पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा भड़के हुए नजर आए। उन्होंने ट्वीट कर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फटकार लगाई।
बता दें कि केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने खुद पर हुए हमले का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “टीएमसी के गुंडों ने पश्चिमी मेदिनीपुर में मेरे काफिले पर हमला किया। खिड़कियां तोड़ दी और पर्सनल स्टाफ पर भी हमला किया।”
वी. मुलरीधरन के इस वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल से संबित पात्रा ने शेयर किया। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए लिखा, “कितनी शर्म की बात है। इसी तरह से यहां कई घटनाएं हो रही हैं। आप अपने लोगों को पश्चिमी मेदिनीपुर में एक केंद्रीय मंत्री पर हमला करने के लिए उकसाती हैं।”
What a Shame @MamataOfficial
You instigate your people to attack a Central Minister at West Medinipur in Bengal
Such audacity?
Is this a fake video?
Has not Bengal under You turned into a Killing Field?
The World’s watching this State Sponsored Violence unleashed by You! pic.twitter.com/DFxi1H7Vfx— Sambit Patra (@sambitswaraj) May 6, 2021
राज्य में प्रायोजित हिंसा है: अपने ट्वीट में संबित पात्रा ने आगे लिखा, “क्या यह नकली वीडियो है? क्या यह बंगाल आपके अधीन नहीं है, जो इस वक्त किलिंग फील्ड बन चुका है। पूरा विश्व आपके द्वारा राज्य में प्रायोजित की गई इस हिंसा को देख रहा है।” बता दें कि संबित पात्रा ने इससे पहले भी ट्वीट कर ममता बनर्जी पर नाराजगी जाहिर की थी।
लोग ममता-फान से जूझ रहे हैं: अपने एक ट्वीट में संबित पात्रा ने लिखा, “लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए गांवों को छोड़कर जाना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने असम में भी शरण ली है। पूर्वी कनिंग जैसे क्षेत्रों में, जहां पिछले साल लोगों को अम्फान से जूझना पड़ा था। इस साल वह ममता-फान से जूझ रहे हैं।”
कार्यकर्ताओं को घसीटकर मारा जा रहा है: बता दें कि ट्विटर से इतर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने डिबेट शो में भी पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा को लेकर ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि हमारे कार्यकर्ताओं को घसीटकर मारा जा रहा है। उनके घर में घुसकर तोड़-फोड़ की जा रही है। उन्होंने डिबेट शो में भी बंगाल हिंसा को ममता बनर्जी द्वारा प्रायोजित बताया था।