सलमान खान इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब छाए हुए हैं। हाल ही में भाईजान ने पनवेल फार्महाउस पर करीबी दोस्तों के साथ अपना 56वां जन्मदिन मनाया। सोशल मीडिया उनके जन्मदिन की तस्वीरों और डांस वीडियो से भरा हुआ है। इसी बीच एक वीडियो उनके प्रशंसक ने शेयर किया है, जिसमें वो अपनी भांजी आयत के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। मामा-भांजी का ये क्यूट वीडियो इंटरनेट पर सभी का दिल जीत रहा है।
सलमान खान के फैन ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है। इस वीडियो में उन्हें बहन अर्पिता खान की बेटी आयत के साथ ‘तम्मा तम्मा’ पर बहुत ही मनमोहक तरीके से डांस करते देखा जा सकता है। वीडियो में देख सकते हैं कि जैसे ही मामू उसका हाथ पकड़कर डांस करने लगते हैं तो आयत के चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान आ जाती है। उनके इस फैन ने डांस वीडियो के साथ एक और वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें भाईजान आयत के साथ केक कट कर रहे हैं।
बता दें, सलमान खान का ये जन्मदिन काफी मुश्किलों में शुरू हुआ था। दरअसल जन्मदिन के ठीक एक दिन पहले उन्हें सांप ने काट लिया था। उन्होंने खुद इस घटना की जानकारी मीडिया को दी थी।
सलमान खान ने बताया था कि ‘पनवेल में फार्महाउस काफी जंगल में है, जिसके एक कमरे में सांप घुस आया था। जब सांप कमरे में घुसा, तो बच्चे डर गए थे। मैं देखने के लिए अंदर गया और एक छड़ी के जरिए उसे बहार वापस जंगल में छोड़ आया।
भाईजान ने आगे ये भी बताया था कि सांप ने उन्हें कैसे काटा। उन्होंने कहा, ‘यह एक कंधारी सांप था और आसपास के गांव वाले सांप को देख ‘कंधारी, कंधारी, कंधारी’ चिल्लाने लगे। तभी मुझे एक बार सांप ने काट लिया, इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। जब लोग ‘सांप ने काट लिया’ चिल्लाने लगे, तभी सांप ने मुझे फिर से काट लिया। जिसके बाद मुझे अस्पताल ले जाया गया।
सलमान खान के काम की बात करें तो हाल ही में उन्होंने फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ के सीक्वल की घोषणा की है, जिसका शीर्षक ‘पवनपुत्र भाईजान’ होगा। साथ ही उन्होंने जल्द ही ‘नो एंट्री’ के सीक्वल के आने की भी जानकारी दी। इसी के साथ उनके पास ‘टाइगर 3’ और ‘कभी ईद कभी दीवाली’ पाइपलाइन में है। इतना ही नहीं वो शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान’ में भी एक कैमियो कर रहे हैं।
