90 के दशक में सिनेमा जगत में कई ऐसे एक्टर्स रहे हैं, जिन्होंने अपने अभिनय से स्क्रीन पर अलग ही छाप छोड़ी है। उन दिनों सपोर्टिंग रोल में कॉमेडी एक्टर्स का काफी अहम रोल होता था, जिनके डायलॉग्स और एक्टिंग से लोग हंसी के मारे थिएटर में ही लोट-पोट हो जाते थे। इसी में से एक एक्टर अशोक सराफ थे। उन्होंने अपने जमाने में इंडस्ट्री के स्टार एक्टर्स संग स्क्रीन शेयर किया और एक्टिंग का लोहा मनवाया। ऐसे में अब उन्होंने सलमान खान के साथ बरसों पुराने किस्से के बारे में बताया। सलमान ने एक बार उनके गले पर असल में चाकू रख दिया था, जिसके बाद गहरा कट लग गया था और खून बहने लगा था। दिग्गज अभिनेता कहते हैं कि वो इसे कभी नहीं भूल सकते हैं। चलिए बताते हैं आगे उन्होंने सलमान को लेकर और क्या कहा।
अशोक सराफ अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया है। उनकी कॉमिक टाइमिंग कमाल की थी। एक्टर ने विलेन के भी रोल किए हैं। वो जिस भी किरदार में स्क्रीन पर आते थे बवाल ही काट जाते थे। अब फिलहाल फिल्मों में दिखाई नहीं देते हैं। लेकिन, हाल ही में उन्होंने ‘रेडियो नशा’ से बात की और इस दौरान सलमान खान से जुड़े किस्से के बारे में बताया। उन्होंने फिल्म ‘जागृति’ की शूटिंग से जुड़े किस्से के बारे में बताया।
सलमान खान ने अशोक सराफ की गर्दन पर रख दिया था असली चाकू
फिल्म ‘जागृति’ में सलमान खान और अशोक सराफ को एक सीन फिल्माना था, जिसमें ‘भाईजान’ को उनकी गर्दन के पीछे चाकू रखना था और पकड़कर रखना था। उस समय सलमान को नहीं पता था कि वो असली चाकू है। अशोक सराफ ने इस वाकये को याद करते हुए बताया कि सलमान ने उनकी गर्दन को चाकू से जकड़ रखा था और वो असली चाकू था। जैसे ही उन्होंने डायलॉग बोलना शुरू किया वैसे ही चाकू की नोक से कट गया। अशोक ने खुद को हाथ से छुड़ाने की कोशिश की लेकिन सलमान ने जोर से दबा रखा था। इस पर को-एक्टर ने धीरे दबाने के लिए कहा और बताया कि कट रहा है।
अशको सराफ की सलाह भी नहीं आई काम
अशोक सराफ बताते हैं कि बार-बार कहने के बाद भी शूटिंग चलती रही थी। हालांकि, बाद में अशोक ने सलमान को चाकू पकड़ने का सुरक्षित तरीका भी सिखाने की कोशिश की। लेकिन, कैमरे के चलते ये संभव नहीं हो सका। अशोक सराफ ने बताया कि सलमान ने उनसे पूछा था कि क्या करना चाहिए तो एक्टर ने चाकू को उल्टा पकड़ने के लिए कहा था। इस पर सलमान ने उन्हें कहा था कि कैमरा उनकी ओर ही फेस कर रहा है, दिख जाएगा तो अशोक ने रहने दिया और फिर वो सीन शूट हुआ। एक्टर ने बताया कि उन्होंने बाद में देखा तो पता चला कि गर्दन पर गहरा कट लग गया है। वो कहते हैं कि अगर नस कटती तो उधर ही…। उन्होंने ये भी कहा वो इस वाकये को नहीं भूलेंगे।
बहरहाल, अगर फिल्म ‘जागृति’ के बारे में बात की जाए तो इसमें सलमान खान और अशोक सराफ के अलावा करिश्मा कपूर, प्रेम चोपड़ा, पंकज धीर और शिवा रिंदानी भी अहम भूमिका में थे। आपको बता दें कि अशोक सराफ और सलमान खान कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। इसमें ‘बंधन’, ‘करण अर्जुन’ और ‘प्यार किया तो डरना क्या’ जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं। इस मूवी को साल 1992 में रिलीज किया गया था हालांकि, ये फिल्म खास चल नहीं पाई थी।