कृषि कानूनों पर किसानों के आंदोलन का शोर अब विदेशों में भी सुनाई देने लगा है। पॉप गायिका रिहाना, एडल्ट सेलेब्रिटी रह चुकीं मिया खलीफा, पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग जैसे लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी जिसके बाद कुछ बॉलीवुड कलाकार और क्रिकेटर्स की प्रतिक्रिया देखने को मिली। इंडियन सेलेब्स कहने लगे कि ये भारत का आंतरिक मामला है जिस पर विदेशियों को नहीं बोलना चाहिए।
किसानों के मुद्दे पर सलमान खान की प्रतिक्रिया भी आई है। हालांकि सलमान खान ने बहुत ही सधे तरीके से अपना बयान दिया। जब पत्रकारों ने उनसे किसान आंदोलन को लेकर सवाल पूछा तो उनका जवाब था, ‘सही बात है, वही होनी चाहिए। जो उनके लिए सबसे ज़्यादा सही है, वही होना चाहिए। हरेक के साथ सही चीज़ होनी चाहिए।’
सलमान खान की इस प्रतिक्रिया के बाद कांग्रेस नेता और बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का बयान सामने आया है। उन्होंने कुछ बॉलीवुड कलाकारों के किसानों को लेकर दिए गए बयान पर आपत्ति जताई और कहा कि ये लोग राग दरबारी हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा, ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तो है लेकिन भय, दबाव, जोर, घबराहट की वजह से लोग बयान देते हैं। अगर ये लोग पहले बोलते तो अच्छा होता। ये राग दरबारी या राग सरकारी लोग हैं। उन्हें ध्यान रखना चाहिए कि कल दूसरी सरकार भी आ सकती है।’
Reaction on #FarmersProstest in Salman Khan style pic.twitter.com/1hUdXloLuA
— Samir Abbas (@TheSamirAbbas) February 5, 2021
शत्रुघ्न सिन्हा ने विदेशी कलाकारों के किसानों के मुद्दे पर बोलने की सराहना की और कहा कि कृषि कानूनों को चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। उन्होंने आगे कहा, ‘अगर कोई सिर्फ ट्वीट कर समर्थन करता है तो इसमें विवाद क्यों है। रिहाना ने तो यही कहा है कि इस मुद्दे की चर्चा क्यों नहीं हो रही। 70 दिनों से किसान कड़ाके की ठंड में आंदोलन कर रहा है तो इसमें संप्रभुता की बात कहां से आती है।’
शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने भी जाकर डोनाल्ड ट्रंप के लिए प्रचार किया था। वो बोले, ‘पीएम मोदी ने खुद जाकर अबकी बार ट्रंप सरकार कार्यक्रम किया था। कोरोना के बीच डोनाल्ड ट्रंप को भारत बुलाया गया। नाजीवाद को लेकर पूरी दुनिया में अपनी राय रखी तो इसमें गलत क्या है। पीएम मोदी कहते हैं कि दुनिया एक ग्लोबल कम्युनिटी बन चुकी है तो इसमें गलत क्या है।’