सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस के हाथ एक और सफलता लगी है। उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हरियाणा के फतेहाबाद निवासी हरपाल सिंह (34) के रूप में हुई है।

इसे मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम ने सोमवार शाम उसके गृहनगर से गिरफ्तार किया। हरपाल सिंह को मंगलवार तड़के मुंबई लाया गया और बाद में दिन में अदालत में पेश किया जाएगा।ये इस मामले में गिरफ्तार हुआ छठा आरोपी है।

बता दें कि 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के घर के बाहर दो बाइक सवार लोगों ने फायरिंग की थी, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद एक के बाद एक छह लोग इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। जिनमें से एक आरोपी की मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहम्मद रफीक ने ही पूछताछ में हरपाल सिंह का नाम बताया था।

हरपाल ने ही दिए थे पैसे

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वो हरपाल ही था, जिसने रफीक को सलमान खान के घर के पास रेकी करने के लिए कहा था और इसके बदले उसे 2-3 लाख रुपये भी दिए थे।

गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले विक्की गुप्ता और सागर पाल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अनुज थापन और सोनू नाम के आरोपी की गिरफ्तारी हुई। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान से रफीक को गिरफ्तार किया था और अब हरपाल सिंह को भी पकड़ लिया गया है।

C

रफीक ने किया था चौंकाने वाला खुलासा

रफीक ने पुलिस के सामने जो खुलासा किया था उसने सभी को हैरान कर दिया था। रफीक ने कहा था कि उन लोगों ने केवल सलमान खान के घर की रेकी नहीं की थी, बल्कि दो और एक्टर्स भी थे, जिनके घर की रेकी की गई थी।