सुपरस्टार सलमान खान के कर्मचारी को परेशान करने के चलते एक शख़्स को गिरफ्तार किया गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला ये शख्स पिछले काफी समय से सलमान खान के एक करीबी कर्मचारी को परेशान कर रहा था। शेरू नामक यह व्यक्ति सलमान के कर्मचारी को फ़ोन करके कई बार सलमान से मिलने और बात करने की इच्छा जाहिर कर चुका था। हालांकि जब सलमान की टीम में काम करने वाले इस सदस्य ने शेरू को सलमान से मिलाने से इनकार कर दिया तो उस शख्स ने उसे धमकाना शुरू किया।  उसने यहां तक कहा कि अगर उसकी बातें नहीं मानी गई तो इसका नतीजा बेहद बुरा होगा।

शेरू की इस धमकी के बाद सलमान के टीम मेंबर ने आनन-फानन में मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। इसके बाद मुंबई पुलिस हरकत में आई और शेरू को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम प्रयागराज पहुंच गई जहां से शेरू को गिरफ्तार किया गया। शेरू सलमान से मिलने की उम्मीद में कई बार उनके बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के भी चक्कर काट चुका था। शेरू को मुंबई पुलिस मुंबई लेकर आयी और सोमवार के दिन उसकी कोर्ट में पेशी हुई। शेरू पर IPC की धारा 504 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सलमान खान की तरफ से फ़िलहाल इस मामले में कोई बयान नहीं आया है।

गौरतलब है कि सलमान इस समय मल्टीस्टारर फिल्म भारत की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म का इंटरनेशनल शूट निपटाने के बाद सलमान लुधियाना के एक गांव में शूटिंग कर रहे थे। अली अब्बास जफर के निर्देशन में बन रही फिल्म भारत एक कोरियन फिल्म का रीमेक है। सलमान खान इस फिल्म में एक ऐसे शख्स के रोल में होंगे जो 18 से लेकर 70 साल तक का सफर तय करेगा। 52 साल के सलमान खान अलग-अलग उम्र का किरदार प्ले करते हुए नजर आयेंगे। फिल्म का अनुमानित बजट 180 करोड़ रुपया बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि ये सलमान खान की अब तक की सबसे महंगी बजट की फिल्म होगी। गौरतलब है कि फिल्म ‘भारत’ अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी।