Salman Khan Diwali Box Office Record: सलमान खान इन दिनों फिल्म ‘टाइगर 3’ (Tiger 3) को लेकर काफी चर्चा में हैं। फिल्म को दिवाली के मौके पर 12 नवंबर, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया जाएगा। इसकी एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। अब एडवांस बुकिंग शुरू हुए 24 घंटे ही हुए हैं कि फिल्म के बॉक्स ऑफिस को लेकर कयास लगाए जाने शुरू हो गए हैं। फैंस इसे रिलीज से पहले ही ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं। ‘भाईजान’ की ये कोई पहली फिल्म नहीं है, जो दिवाली के मौके पर रिलीज की जा रही हैं। इससे पहले भी उनकी मूवीज को रिलीज किया जा चुका है। इसमें कुछ ने शानदार प्रदर्शन किया और कुछ फ्लॉप रही हैं। ऐसे में चलिए आपको बताते हैं कि सलमान का दिवाली रिकॉर्ड कैसा रहा है?
‘अंदाज अपना अपना’
इस लिस्ट की शुरुआत करते हैं सलमान खान के करियर के शुरुआती दिनों से। उन दिनों में एक्टर ने ज्यादातर दो स्टार वाली फिल्मों में काम किया था। इसी में एक फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ रही थी, जिसे साल 1994 में दिवाली के खास मौके पर रिलीज किया गया था। इसमें उनके साथ आमिर खान भी थे। राजकुमार संतोषी ने इसका निर्देशन किया था। इसने बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं किया था और फ्लॉप साबित हुई थी। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 5.30 करोड़ और वर्ल्डवाइड 7.83 करोड़ का बिजनेस किया था। ये भले ही सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी मगर, टीवी पर हिट रही थी।
‘हम साथ-साथ हैं’
सलमान खान, सैफ अली खान, करिश्मा कपूर और तबू स्टारर फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ को दिवाली के मौके पर 5 नवंबर, 1999 में रिलीज किया गया था। इसका निर्माण राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया था। ‘भाईजान’ के करियर की ये दूसरी ब्लॉकबस्टर फिल्म रही थी। इसमें उन्होंने सूरज बड़जात्या के साथ काम किया था। करीब 20 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने इंडिया में 39.18 करोड़ और दुनियाभर में 69.58 करोड़ का बिजनेस किया था। आपको बता दें कि सलमान खान ने अपने करियर की पहली हिट ‘मैंने प्यार किया’ का निर्माण भी राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया था।
‘जान-ए-मन’
सलमान खान, प्रीति जिंटा और अक्षय कुमार की लव ट्राएंगल फिल्म ‘जान ए मन’ को 20 अक्टूबर, 2006 में रिलीज किया गया था। इसे दर्शकों से ठीक रिस्पांस तो नहीं मिला था। मगर इसमें प्रीति जिंटा के साथ सलमान की केमिस्ट्री को जरूर पसंद किया गया था। फिल्म ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ और वर्ल्डवाइड 45 करोड़ का कारोबार किया था।
‘मैं और मिसेस खन्ना’
सलमान खान और करीना कपूर स्टारर फिल्म ‘मैं और मिसेस खन्ना’ को दिवाली के मौके पर 2009 में रिलीज किया गया था। 35-40 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं किया था और फ्लॉप साबित हुई थी। इसने इंडिया में करीब 8 करोड़ और वर्ल्डवाइड 14 करोड़ का बिजनेस किया था।
‘प्रेम रतन धन पायो’
दिवाली के मौके पर साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ सलमान खान के करियर की बड़ी हिट फिल्मों में से एक रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो 60 करोड़ के बजट में बनी फिल्म न बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्म किया था। इसने इंडिया में 210 करोड़ और दुनियाभर में 400 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। इसमें सलमान के साथ सोनम कपूर ने लीड रोल प्ले किया था। केवल फिल्म ही नहीं बल्कि इसके गाने भी हिट रहे थे।