Salman Khan Death Threat: सलमान खान को आए दिन जान से मारने की धमकी मिल रही है। बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से उनके लिए मुंबई पुलिस के पास कई बार धमकी भरे संदेश आ चुके हैं। कुछ दिन पहले भी एक कॉल आया था और पुलिस ने जांच की तो वो शख्स राजस्थान का रहने वाला निकला और उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का फैन बताया है। पुलिस ने उसे कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है।

पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक सलमान को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स का नाम बिखा राम है, जिसकी उम्र 32 साल है और वो राजस्थान का रहने वाला है। बिखा खुद को लॉरेंस बिश्नोई का फैन बता रहा है। पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उसने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में कॉल करके सलमान खान के लिए धमकी दी थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है।

खुद को बताया था लॉरेंस बिश्नोई का भाई

बता दें कि 3 दिन पहले मुंबई ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को एक अज्ञात शख्स ने कॉल कर खुद  को लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताया था। उसने कहा था, “अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहता है तो उसे हमारे मंदिर जाकर माफी मांगनी होगी या 5 करोड़ रुपये देने होंगे। अगर वो ऐसा नही करता तो उसे मार देंगे। गैंगस्टर की गैंग अब भी एक्टिव है।” ये धमकी मिलने के बाद ही मुंबई पुलिस ने शख्स की तलाश शुरू कर दी थी।

इसके पहले सलमान को 2 करोड़ की फिरौती के बदले जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने एक 20 साल के लड़के को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया था। बाबा सिद्दीकी की हत्या के कुछ ही दिन बाद मुंबई पुलिस को एक मैसेज मिला था कि अगर सलमान खान, लॉरेंस बिश्नोई के साथ समझौता करना चाहते हैं तो 5 करोड़ रुपये दें। इस शख्स को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये शख्स झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला है और वहां सब्जी का ठेला लगाता है।

इस शख्स ने लिखा था, “इसे हल्के में मत लेना, अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहता है और लॉरेंस बिश्नोई के साथ दुश्मनी खत्म करना चाहता है तो उसे 5 करोड़ देने होंगे। अगर उसने नहीं दिए तो सलमान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा।” हालांकि बाद में मैसेज कर माफी भी मांगी थी, जिसके बाद पुलिस ने नंबर ट्रेस कर इसे गिरफ्तार किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…