मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले को गिरफ्तार कर उसे पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है। आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है और वो बांग्लादेश का रहने वाला है। उसने 16 जनवरी को सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में घुसकर चोरी करने की कोशिश की थी, मगर जब वो इसमें असफल हुआ तो उसने सैफ अली खान पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस को क्राइम सीन से आरोपी के 19 फिंगर प्रिंट्स मिले हैं।
Saif Ali Khan Attack Case LIVE
मुंबई पुलिस के सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्हें क्राइम सीन से कई सबूत मिले हैं। डक्ट, सीढ़ी, बाथरूम की खिड़की से कुल 19 फिंगर प्रिंट्स मिले हैं। वो सीढ़ियों से चढ़कर 7वीं या 8वीं मंजिल तक गया था, इसके बाद वो डक्ट के पाइप से सैफ अली खान के छोटे बेटे जेह के कमरे के बाथरूम की खिड़की के जरिए घर में घुसा था।
मुंबई पुलिस ने बताया कि जब उन्हें ये फिंगर प्रिंट मिले तो इन्हें इंडियन डेटाबेस से मिलाया गया, मगर वो किसी से मैच नहीं हुए। पुलिस ने कहा, “हमें तभी समझ जाना चाहिए था कि लुटेरा बाहर से हो सकता है और शायद बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है, क्योंकि वहां से बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से देश में घुसते हैं।”
बता दें कि पुलिस आरोपी को सैफ अली खान की सतगुरु शरण बिल्डिंग ले जा सकती है और क्राइम सीन को रीक्रिएट कर सकती है। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और अब वो क्राइम सीन पर जाकर बताएगा कि आखिर वो कैसे चढ़ा और कैसे उसने घटना को अंजाम दिया।
खान पर हमला करने के बाद, इस्लाम बांद्रा स्टेशन के रास्ते दादर भाग गया जहां से वो वर्ली गया। पुलिस ने बांद्रा रेलवे स्टेशन, दादर और फिर वर्ली में सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसके रूट का पता लगाया। जब उसे एक फूड स्टॉल पर परांठे खाते हुए देखा गया, तो पुलिस ने स्टॉल मालिक का पता लगाया, जिसने उन्हें परांठे और पानी की बोतल के पेमेंट के लिए यूपीआई का क्यूआर कोड दिया था। इससे उसकी लोकेशन का पता चला और फिर उसे गिरफ्तार किया गया।