विक्की कौशल की ‘सैम बहादुर’ 1 दिसंबर को रिलीज हुई थी। बॉक्सऑफिस पर फिल्म की टक्कर रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ से हो रही है। जहां एक तरफ रणबीर कपूर की फिल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2 दिनों में 100 करोड़ से अधिक का बिजनेस कर लिया है, वहीं ‘सैम बहादुर’ ने महज 15.50 करोड़ ही कमाये हैं। लेकिन इस फिल्म और विक्की कौशल की एक्टिंग की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी Sam Bahadur की स्क्रीनिंग पर पहुंचे थे। फिल्म देखकर बाहर निकलने पर उन्होंने मीडिया से बात की और विक्की कौशल की तारीफों के पुल बांधे। विक्की इस बात से काफी भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर सचिन के साथ तस्वीर शेयर करते हुए खूबसूरत का पोस्ट शेयर किया है।

सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ फिल्म देखने गए थे। उन्होंने फिल्म की स्क्रीनिंग पर विक्की कौशल के साथ पोज भी दिया था। स्क्रीनिंग के बाद सचिन ने फिल्म और विक्की की तारीफ करते हुए कहा,”ये बहुत ही अच्छी फिल्म है, मैं विक्की की एक्टिंग से बहुत इंप्रेस हुआ। सचमुच ऐसा लगा जैसे फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ मौजूद थे। बॉडी लैंग्वेज अविश्वसनीय थी। यह हमारे देश के इतिहास को जानने के लिए सभी पीढ़ियों के लिए देखने लायक एक महत्वपूर्ण फिल्म है।”

विक्की कौशल इस बात से बहुत खुश हैं कि सचिन तेंदुलकर ने उनकी फिल्म देखी। विक्की ने सोशल मीडिया पर सचिन के साथ स्क्रीनिंग की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,”मेरे बचपन के हीरो ने आज मेरी फिल्म देखी! मैं ठीक हूं। आपके खूबसूरत शब्दों के लिए धन्यवाद @sachintendulkar सर… मैं उन्हें जीवन भर याद रखूंगा।”

‘सैम बहादुर’ को रिलीज हुए आज तीसरा दिन हुआ है। पहले दिन फिल्म ने 6.25 करोड़ का बिजनेस किया था। दूसरे दिन फिल्म 9.25 का बिजनेस किया। मेघना गुलजार की फिल्म में विक्की कौशल के अलावा फातिमा सना शेख और सान्य मल्होत्रा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फातिमा ने फिल्म में इंदिरा गांधी का किरदार निभाया है, जिसके लिए उनकी भी खूब तारीफ हो रही है।

‘सैम बहादुर’ भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के जीवन पर आधारित है। वह फील्ड मार्शल के पद पर रहने वाले पहले भारतीय सेना अधिकारी थे, जिन्होंने चार दशक तक देश के लिए सेवा दी। मानेकशॉ, जिन्हें प्यार से ‘सैम बहादुर’ कहा जाता है। उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना को जीत दिलाई, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण हुआ।