बॉलीवुड में एक्शन फिल्मों के मास्टर माने जाने वाले डायरेक्टर रोहित शेट्टी अपने डिजिटल डेब्यू को तैयार हैं। रोहित 8 एपिसोड्स की एक वेब सीरीज में नज़र आएंगे जिसमें भरपूर एक्शन होने वाला है। यह वेब सीरीज सच्ची घटनाओं पर आधारित एक पुलिस की कहानी होगी। हालांकि अभी तक इस वेब सीरीज के नाम की घोषणा नहीं कई गई है।

रोहित शेट्टी के इस वेब सीरीज को लेकर एक करीबी सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘रोहित एक पुलिस एक्शन थ्रिलर सीरीज के निर्माता और एक्टर होंगे, जिसमें लगभग 8 एपिसोड होंगे। यह कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित होगी।’ 47 वर्षीय रोहित शेट्टी लेजेंड्री स्टंटमैन एमबी शेट्टी के बेटे हैं और अपनी बेहतरीन एक्शन फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। रोहित शेट्टी की मोस्ट अवेटेड फिल्म, ‘सूर्यवंशी’ रिलीज़ को तैयार है। इस फिल्म में अक्षय कुमार हैं जिन्होंने डीसीपी वीर सूर्यवंशी का किरदार निभाया है। इस फिल्म में कैटरीना कैफ और रणवीर सिंह भी नजर आने वाले हैं। अजय देवगन सिंघम के रोल में तो रणवीर सिंह सिंबा के रोल में स्पेशल अपीयरेंस देंगे।

फ़िल्म 2020 में ही रिलीज़ की जानी थी लेकिन कोरोनावायरस महामारी के कारण इसकी रिलीज़ रोक दी गई। इसी के साथ रोहित शेट्टी की एक और फिल्म, ‘सर्कस’ भी पूरी होने को है। इस फिल्म में रणवीर सिंह पहली बार डबल रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म विलियम शेक्सपियर के मशहूर नाटक, ‘द कॉमेडी ऑफ़ एरर्स’ पर आधारित है। कहानी दो आइडेंटिकल ट्विंस के इर्द गिर्द घूमती है जो जन्म के समय एक घटना के दौरान बिछड़ गए थे।

इस फिल्म का निर्माण टी सीरीज के साथ मिलकर भूषण कुमार कर रहे हैं। फ़िल्म की रिलीज़ को लेकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इस साल के सर्दियों में ये रिलीज़ होगी। रोहित शेट्टी टीवी पर भी अपना दबदबा रखते हैं। उनका शो, ‘खतरों के खिलाड़ी’ लोगों को खूब पसंद आता है। उन्होंने इस एडवेंचरस शो की शुरूआत 2014 में की थी। रोहित शेट्टी की कुछ बेहद सफल फिल्में हैं, चेन्नई एक्सप्रेस, गोलमाल, सिंबा, सिंघम आदि।