बॉलीवुड के वरिष्ठ एक्टर ऋषि कपूर ट्विटर पर काफी एक्टिव रहते हैं। इसी कारण कई बार वे परेशानियो या विवादों में भी फंस जाते हैं। ट्विटर पर वे अपने शब्दों का ख्याल नहीं रखते हैं। इसी वजह से उनके बयानों पर कई बार विवाद भी उत्पन्न हो जाता है। अतीत में कई बार 64 साल के एक्टर ने महिलाओं तक के लिए अब्यूसिव भाषा का इस्तेमाल किया है। इस बार मामला अलग है। दरअसल इस बार एक पाकिस्तानी महिला ने ऋषि कपूर को अपशब्द कहे हैं। जिसपर उन्होंने उसे कड़ा जवाब दिया। उन्होंने बताया कि किस तरह फिल्मों ओर खेलों के जरिए पाकिस्तान के साथ रिश्ते सामान्य करने की कोशिश की गई लेकिन उसे केवल नफरत चाहिए।

यह ट्विट ऐसा लगता है कि कुलभूषण जाधव के बारे में हैं, जोकि एक भारतीय नागरिक है और उसपर पाकिस्तान ने जासूसी का आरोप लगाया है। उसे आज फांसी दे दी जाएगी। ऋषि ने ट्विट किया- माफ करना भारत। एक्टर, फिल्म और खेलों के जरिए पाकिस्तान के साथ शांति करनी चाही लेकिन उन्हें केवल नफरत चाहिए। तो ऐसा ही होगा। ताली दो हाथ से बजती है। इसपर फरीहा नाम की पाकिस्तानी यूजर ने उन्हें जवाब देते हुए कहा- यह शख्स कितना अज्ञानी है।

इसपर जवाब देते हुए एक्टर ने लिखा- यंग लेडी अपनी भाषा पर काबू रखो। निश्चित तौर पर तुम्हारे पैरेंट्स ने तुम्हें बड़ो से इस तरह बात करना नहीं सिखाया होगा? इसपर यूजर ने लिखा- मेरे पैरेंट्स ने मुझे अच्छे से सिखाया है लेकिन यह नैतिकता की बातें आपके अज्ञानी रवैये को सही साबित नहीं करते हैं। देखिए दूसरे देश जासूसों के साथ किस तरह का व्यवहार करते हैं। जिसके जवाब में कपूर ने कहा- मैं तुम्हारी भाषा के बारे में बात कर रहा था नैतिकता के बारे में नहीं। हो सकता है इसी तरीके से आप वहां बड़ो से बात करते होंगे।

इस बातचीत के बाद ऋषि ने दावा किया कि उस महिला ने अपने ट्वीट को डिलीट कर दिया है। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने लिखा- यह लड़कियां अब्यूज करती हैं और जब ये बेनकाब हो जाती हैं तो अपने ट्विट्स को अनुपलब्ध कर देती हैं। यही उनका दृढ़ विश्वास है। लेकिन लड़की का कहना है कि उसने एक्टर को ब्लॉक कर दिया है। इसी वजह से उसके ट्विट ऋषि देख नहीं पा रहे हैं।