ऋचा चड्ढा और अली फजल ने साल 2020 में एक दूसरे से शादी की थी, लेकिन उन्होंने 2022 में उन्होंने शादी का जश्न मनाया था। कपल की शादी इंटरफेथ थी, क्योंकि ऋचा एक पंजाबी परिवार से आती हैं और अली एक मुस्लिम हैं। दोनों की शादी को लेकर काफी बातें भी हुई थीं, लेकिन दोनों अपनी शादी में काफी खुश हैं। द इंडियन एक्सप्रेस द्वारा आयोजित एक्सप्रेसो के आठवें एडिशन में ऋचा चड्ढा ने अपने करियर से लेकर पर्सनल लाइफ के बारे में भी बात की।
ऋचा ने बताया कि उनके माता-पिता ने भी लव मैरिज की थी। उनकी मां बिहार से हैं और उनके पिता पंजाबी हैं। ऐसे ही ऋचा और अली फजल की जोड़ी भी काफी यूनिक है। दोनों के धर्म अलग हैं, मगर दोनों ही एक दूसरे के धर्म और मान्यताओं का सम्मान करते हैं। ऋचा ने बताया कि वो लोग अली के पुश्तैनी घर पर ईद मनाते हैं और वहां केवल मुस्लिम ही नहीं, हर धर्म के लोग आते हैं और बिरयानी, यखनी पुलाव खाते हैं।
ऋचा ने बताया कि हर किसी के लिए उसके हिसाब से खाना बनता है। जैन धर्म के लोग भी ईद सेलिब्रेशन का हिस्सा होते हैं और उनके लिए उन्हीं के हिसाब से खाना बनता है और अली की 90 साल की दादी सभी मेहमानों के लिए पान बनाती हैं।
मां बनने के बाद आए ये बदलाव
ऋचा ने बताया कि जबसे वो एक बेटी की मां बनी हैं उनमें कई बदलाव आए हैं। वो अब शांत हो गई हैं और चीजों से डील करना भी उन्हें आ गया है। उनकी बेटी ने उन्हें और भी समझदार बनने में मदद की है।
इसके साथ ही ऋचा ने बताया कि वो खुद को सेलिब्रिटी की तरह नहीं पेश करतीं। वो जाकर सब्जी भी खरीदती हैं और सड़कों पर आम इंसान की तरह वॉक भी करती हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि हर किसी को जमीन से जुड़ा रहना चाहिए।