सुशांत सिंह राजपूत मामले में अब बाबा रामदेव भी कूद पड़े हैं। बाबा रामदेव ने कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या नहीं कर सकते। वह एक होनहार युवा थे। हो सकता है कि उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया गया हो या फिर मार दिया गया हो।
रिपब्लिक टीवी (Republic TV) की रिपोर्ट के मुताबिक रामदेव बाबा ने ड्रग्स मामले में बड़े सेलेब्स के नाम आने पर कहा- ‘ये नशेड़ी हैं भंगेड़ी हैं। ये ब्रैंड नहीं हैं बंटाधार कर दिया है देश का। एक तरह से नशे में जीने वाले नर्क के कीड़े हैं। इन्हें कौन अपना आदर्श मानेगा। मैं ये नहीं कहता इसमें कौन कौन है। लेकिन अब ये साफ हो जाएगा।’
उन्होंने आगे कहा- ‘आपने पहले स्टोरी उठाई थी सुशांत और रिया की। उस स्टोरी का मूल भी यही है कि आज एक होनहार लड़का सुशांत हमारे बीच में नहीं है। उसका कारण है। उसे जबरदस्ती नशा दिया गया। वह लड़का नशा नहीं ले सकता, आत्महत्या नहीं कर सकता। या तो उसे उकसाया गया या उसकी हत्या की गई। मुझे कोई भांग खिलाकर दिखाए, दारू की एक बूंद पिला कर दिखाए। सुल्फा गांजा पिलाकर दिखाए कोई। मैं नशा नहीं कर सकता। ऐसे ही देश का कोई होनहार नशा नहीं कर सकता।’
बाबा रामदेव ने कहा- ‘मैं भी गांव की मिट्टी से अंधेरी गलियों से निकल कर यहां तक आया हूं। मैं नशा नहीं कर सकता क्योंकि मुझे इस देश के लाखों युवाओं की चिंता है वह मुझे देखते हैं अपनी आंखों के सामने। मैं उनके सामने कोई गलत आदर्श स्थापित नहीं करूंगा। इस तरह से सुशांत भी सोचता था। वह लड़का नशा कैसे कर सकता है, सुसाइड कैसे कर सकता है? ये एक बहुत बड़ा चक्रव्यूह है, युवा युवतियों को इसमें फंसाकर के बर्बाद किया जाता है। बहुत से लोग ऐसा करते हैं, अरे ये लड़का आगे बढ़ रहा है इसे दारू पिलाओ, गुटका खिलाओ। इन चीजों से हमें देश को बचाना पड़ेगा।’