बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस रेखा ने अपनी फिल्मों और अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। रेखा ने फिल्म ‘दो शिकारी’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था और इसके बाद वह बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में भी नजर आईं। रेखा ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह कभी भी एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती थीं। लेकिन मां के कारण उन्हें एक्टिंग में कदम रखना पड़ा था। मां के कहे मुताबिक उन्होंने सिनेमा में तो कदम रख दिया था, लेकिन यहां उनके साथ ऐसा सुलूक होता था कि वह रोजाना रोते हुए अपनी रात गुजारती थीं।
रेखा से जुड़ी इस बात का खुलासा अन्नू कपूर ने 92.5 बिग एफएम के शो सुहाना सफर पर किया था। रेखा के फिल्मी सफर के बारे में बात करते हुए अन्नू कपूर ने बताया था, “उनकी कुछ फिल्मों की शूटिंग मुंबई में हुई थी, जहां का उनका अनुभव भी काफी खराब था। रेखा उस वक्त बच्ची थीं और थोड़ी मोटी भी थीं। ऐसे में उनकी मां की ओर से कहा गया था कि एक्ट्रेस को केवल नपा-तुला खाना ही दिया जाए।”
रेखा के बारे में बात करते हुए अन्नू कपूर ने आगे बताया था, “चॉकलेट और आइसक्रीम से रेखा को दूर रखा जाता था। मुंबई की भाषा समझने और बोलने में रेखा को काफी समस्या हो रही थी। वह कुछ बोल और समझ नहीं पाती थीं। ऐसे में कई बार लोगों से उन्हें गंदी भाषा तक सुनने को मिलती थी। रेखा ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि मुंबई उनके लिए एक जंगल की तरह था।”
अन्नू कपूर ने रेखा के करियर के बारे में आगे कहा, “रेखा ने बताया था कि लोग यहां पर उनका बहुत फायदा उठाने की कोशिश करते थे। उन्हें ऐसे कपड़े और गहने पहनाते थे, जिससे उन्हें एलर्जी और रैशेस हो जाते थे। इन चीजों से परेशान होकर वह रोजाना रोती थीं और सोचती थीं कि वह सामान्य बच्चों की तरह क्यों नहीं जी पा रही हैं।”
बता दें कि सिमी गरेवाल के चैट शो पर रेखा ने बताया था कि उनकी मां ने फिल्मों में आने के नाम पर उन्हें लालच दिया था, जिससे वह उनके जाल में फंस गई थीं। रेखा ने कहा था, “मां ने मुझसे बताया था कि अगर मैंने फिल्म में काम किया तो मुझे साउथ अफ्रीका जाने को मिलेगा, जहां मैं जानवरों को भी देख सकूंगी।”