सदाबहार अभिनेत्री रेखा की लाइफ कई विवादों से भरी रही है। एक दौर में अमिताभ बच्चन के साथ अफेयर को लेकर सुर्खियों में रही रेखा ने शादी भी की थी लेकिन उनके पति ने शादी के महज 7 महीने बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। यासीर उस्मान द्वारा लिखी गई रेखा की बायोग्राफी में उनकी ज़िंदगी से जुड़ी कई चौंकाने वाली घटनाएं को पढ़ा जा सकता है।
जब 15 साल की रेखा को जबरदस्ती चूमता रहा था एक्टर
रेखा मुंबई के महबूब स्टूडियो में अपनी पहली फिल्म अंजाना सफर की शूटिंग कर रही थीं। रेखा उस दौरान महज 15 साल की थीं। उस दौरान उनके साथ जो हुआ वो आज के दौर में गंभीर यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आता। दरअसल फिल्म के निर्देशक राजा नवाथे और फिल्म के हीरो बिस्वजीत चटर्जी ने एक घिनौनी हरकत को अंजाम देने का फैसला किया। रेखा और बिस्वजीत के बीच एक रोमांटिक सीन फिल्माया जाना था। जैसे ही राजा ने एक्शन कहा वैसे ही बिस्वजीत ने रेखा को पकड़ा और उन्हें किस करने लगा। रेखा को इस किस के बारे में कुछ नहीं पता था। जहां कैमरा लगातार रोल हो रहा था वहीं वहां मौजूद पूरा क्रू शर्मनाक तरीके से सीटियां बजा रहा था। डायरेक्टर राजा कट बोलते रहे लेकिन बिस्वजीत रेखा को लगभग 5 मिनट तक किस करते रहे। रेखा ने अपनी आंखें बंद की हुई थीं लेकिन उनकी आंखों से लगातार आंसू टपक रहे थे।
अविवाहित रेखा सिंदूर लगाकर पहुंची थी ऋषि कपूर की शादी में
22 जनवरी 1980 को आर के स्टूडियो के फंक्शन में बॉलीवुड के कई सितारे मौजूद थे। ऋषि कपूर और नीतू कपूर की उस दिन शादी हो रही थी। बॉलीवुड के कई नामी गिरामी चेहरे इस शादी में मौजूद थे। इस शादी में अमिताभ बच्चन और जया बच्चन भी मौजूद थे। नीतू और रेखा काफी अच्छे दोस्त थे। सिने ब्लिट्ज की एक रिपोर्ट के अनुसार, रेखा ने इस पार्टी में धमाकेदार एंट्री की थी। उन्होंने एक सफेद साड़ी पहनी थी और माथे पर लाल बिंदी लगाई हुई थी। यहां तक की उन्होंने मांग में सिंदूर भी लगाया हुआ था। रेखा की एंट्री होने पर वहां मौजूद कैमरा भी नीतू-ऋषि से मुड़ कर रेखा पर पहुंच गए थे। स्टारडस्ट मैगज़ीन की रिपोर्ट के मुताबिक, जब रेखा इस इवेंट में अमिताभ बच्चन से बात कर रही थीं उस दौरान जया बच्चन बेहद इमोश्नल थीं और वे सिर झुका कर रोने लगी थीं। रेखा ने इसके बाद अपने इंटरव्यू में कहा था कि वे उस दिन सीधा शूट से ऋषि और नीतू की शादी में पहुंची थी। उस फिल्म के लिए उन्हें मंगलसूत्र और सिंदूर लगाना था और शूट से सीधा शादी में आने के कारण वे इन्हें हटाना भूल गई थीं। लेकिन उन्होंने 1982 में नेशनल अवार्ड्स फंक्शन में फिल्म उमराव जान के लिए अवार्ड लेते हुए कहा था कि जिस शहर से मैं आती हूं वहां सिंदूर लगाना फैशन माना जाता है।
जब पति की आत्महत्या का आरोप झेला था रेखा ने
मार्च 1990 में रेखा ने दिल्ली के बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल से शादी की थी। रेखा जहां सेटल होना चाहती थीं वहीं मुकेश रेखा के बहुत बड़े फैन थे। फोन कॉल और मुलाकातों के सिलसिले के बाद दोनों ने एक दूसरे से शादी कर ली। रेखा इस शख़्स को केवल एक महीने से जानती थीं। उन्हें जल्दी ही पता चल गया कि मुकेश को क्रोनिक डिप्रेशन की बीमारी है। मुकेश के अजीबोगरीब व्यवहार के चलते रेखा की शादी में परेशानियां आने लगीं। मुकेश ने अपने डूबते बिजनेस को लेकर रेखा को अंधेरे में रखा। वो दिल्ली में अपना काम छोड़कर मुंबई रेखा से मिलने पहुंच जाया करते।
2 अक्तूबर 1990 को मुकेश गुप्ता ने सुसाइड कर लिया। रेखा और मुकेश की शादी को केवल 7 महीने ही हुए थे। फिल्मी अंदाज में मुकेश दुपट्टे के एक सिरे को पंखे से बांधा और दूसरा सिरा गले में बांधकर फांसी पर लटक गए। कहा ये जाता है कि जिस दुपट्टे से उन्होंने फांसी लगाई थी वो रेखा का था। हालांकि रेखा ने इस बात से साफ इनकार किया था कि वो दुपट्टा उनका है। इस घटना के बाद मुकेश गुप्ता की फैमिली से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के नामी गिरामी लोगों तक ने रेखा पर इल्ज़ाम लगाए थे। डायरेक्टर सुभाष घई ने तो यहां तक कहा था कि रेखा ने फिल्म इंडस्ट्री पर जो दाग लगाया है, उसे मिटाना बेहद मुश्किल होगा। मुझे लगता है कि इस घटना के बाद कोई भी शरीफ खानदान बॉलीवुड एक्ट्रेसेस को अपनी बहू बनाने से पहले कई बार सोचेगा। अनुपम खेर ने भी उनकी आलोचना की थी और कहा था कि वे नेशनल वैंप बन चुकी हैं। मुझे नहीं पता मैं कैसे रिएक्ट करूंगा अगर वो मेरे सामने आएंगी।