रेखा ने बॉलीवुड में काफी स्ट्रगल किया और फिर कुछ समय बाद एक्ट्रेस इंडस्ट्री में छा गईं। एक से बढ़कर एक फिल्मों में अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत चुकीं रेखा अपने हिट गानों के लिए भी मशहूर हैं। दिल चीज क्या है, इन आंखों की मस्ती, तेरी रब ने बना दी जोड़ी जैसे कई गानों में रेखा ने गजब का डांस किया। रेखा बताती हैं कि ये कमाल ऐसे ही नहीं हुआ है। इसके पीछे एक डर और दो मधुर आवाजें थीं, जिनकी वजह से वह कैमरा के आगे इतना अच्छा परफॉर्म किया करती थीं।
रेखा ने खुद बताया था कि एक बार राज कपूर की पार्टी चल रही थी, जिसमें लेजेंड सिंगर आशा भोंसले भी पहुंची थीं। रेखा पार्टी में एंजॉय कर रही थीं। तभी आशा ताई ने रेखा को देखा और वह उनके करीब आईं। रेखा ने जब आशा ताई को अपने पास आते देखा तो वह सब काम छोड़ उनकी तरफ देखने लगीं। जब ताई उनके पास आईं तो उन्होंने रेखा से पूछा कि क्या वो हीं ‘उमराव जान’ में काम कर रही हैं। इस पर रेखा ने सिर हिलाते हुए कहा- जी।
रेखा ने बताया था कि उस वक्ता आशा ताई ने उन्हें कुछ गजब अंदाज में कहा था कि ठीक से डांस करना क्योंकि वह उमराव जान के गाने गा रही हैं। रेखा के मन में उस वक्त डर आ गया था कि अगर उन्होंने ठीक से डांस नहीं किया तो आशा ताई नाराज हो जाएंगी।
दरअसल, आशा भोंसले के जन्मदिन के अवसर पर एक बार रेखा ने ये कहानी बताई थी- ‘आशा ताई और लता दी के बगैर मैं कुछ नहीं कर पाती। उनके गाए गाने न होते तो मैं वैसे फील के साथ डांस नहीं कर पाती। मैं सिर्फ आंख बंद करके सोचती थी… एक बार राजकपूर जी की पार्टी में मुझे आकर उन्होंने बोला था कि तू उमराव जान कर रही है ना? मालूम है ना गाने मैंने गाए हैं? याद रखना अगर तूने कुछ गलत किया या ग्रेसफुली डांस नहीं किया तो समझ लेना क्या होगा। तो उस वक्त मैं ‘दिल चीज क्या है’ या ‘इन आंखों की मस्ती’ कर रही थी। तो आशा ताई का डर बना हुआ था।’
रेखा ने आगे बताया-‘ पर जो भी बन कर वो आया, वो सब आशा ताई की वजह से हुआ। ये सच्ची घटना है। शुक्रिया आशा ताई। मैं आपको एक बात कहना चाहूंगी कि हांजी, हर कोई जानता है कि आप ग्रेट आर्टिस्ट हैं और ग्रेट पर्सन हैं। लेकिन मैं बताना चाहती हूं कि मैंने आपसे क्या सीखा है? मैंने सीखा है कि गम आए खुशी आए, जिस समय से आप गुजरें, जितनी मुश्किलों का आपको सामना करना पड़े, लेकिन आप हमेशा आशा ताई की रहेंगी। मतलब मुस्कुराती ही रहेंगी। भगवान अगर सुन रहें हैं इस वक्त तो मेरी उम्र भी आपको लग जाए।’