मगर इन दिनों इमेज को लेकर बॉलीवुड प्रयोग करता या शहद के भरोसे संखिया खाता दिख रहा है। लंकापति रावण और बजरंगबली की एक खास इमेज दर्शकों के दिमाग में है। हनुमानजी का नाम आते ही दर्शक आज भी दारा सिंह से आगे सोच नहीं पाते हैं। अब बॉलीवुड में ऋत्विक रोशन और सैफ अली खान जैसे चिकने-चुपड़े दिखने वाले अभिनेता रावण की भूमिका निभाते देखे जा सकेंगे।

आजकल कॉरपोरेट कंपनियों का सिक्का फिल्मी दुनिया में चल रहा है। वे थैलियां खोले खड़ी हैं। एक दो नहीं एक साथ आधा दर्जन फिल्मों की घोषणा कर दो। रोकड़े की कमी नहीं है। इनवेस्टमेंट करना है। हमको फिल्में बनाना नहीं आता, तुमको इनवेस्टमेंट करना। तो पैसा हम लगाते हैं। तुम आधे निर्माता बन जाओ, आधे निर्माता हम बन जाते हैं। तुम्हारा भी विकास होगा, हमारा भी। हालत यह है कि निर्माता-निर्देशक एक गिलास दूध मांगते हैं, तो कॉरपोरेट कंपनियां उनके दरवाजे पर भैंस बांधने पहुंच जाती हैं। बस हुकम करो जी। पैसा रोलिंग होते रहना चाहिए। कहानी छोड़ो, बस हीरो की डेट ले आओ।

बीते दिनों घोषणा हुई कि ऋत्विक रोशन और दीपिका पाडुकोन मधु मंतेना की रामायण पर आधारित 3डी फिल्म में काम करेंगे। इसके बाद मंतेना महाभारत पर एक फिल्म बनाएंगे, जिसमें द्रौपदी की भूमिका संभवतया दीपिका पाडुकोन निभाएंगी। रामायण पर बन रही फिल्म में भव्यता लाने के लिए 300 करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा।

घोषणा सुन कर लोगों ने अपनी तरफ से तय कर लिया था हो न हो ऋत्विक जैसा सुंदर छोरा राम बनेगा और दीपिका जैसी सुंदर अभिनेत्री सीता। दर्शकों ने उन्हें राम-सीता के रूप में देखने की कल्पना और सिनेमाघर के परदे पर चढ़ाने के लिए चिल्लर जमा करनी भी शुरू कर दी थी। लेकिन मंतेना ने कहा कि ऋत्विक रावण बनेंगे। जरा कल्पना कीजिए। सिक्स पैक्स के साथ छोरा नौ और सिर लगा कर ठहाका लगाएगा, तो कैसा लगेगा। भला कोई पानी पुरी में आइस्क्रीम डाल कर खाता है क्या?

लगता है ऋत्विक को राम बनने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। इससे पहले उन्हें राम बनाने की कोशिश उनके ससुर साहब यानी संजय खान ने की थी। खान ने 2013 में ‘द लीजेंड आॅफ राम’ बनाने की घोषणा की थी। डेढ़ेक सौ करोड़ रुपए की। सारी तैयारियां हो गर्इं थीं। शूटिंग लंका यानी श्रीलंका में की जानी थी। जायद खान लक्ष्मण और अमिताभ बच्चन राम के पिता दशरथ बनने वाले थे। मगर बिल्ली रास्ता काट गई और ‘द लीजेंड आॅफ राम’ नहीं बन पाई।

मर्यादा पुरुषोत्तम राम कौन नहीं बनना चाहता? सलमान भी बनना चाहते थे। उनके भाई सोहेल खान ने बहुत साल पहले उन्हें राम बनाने की घोषणा की थी। राम ने सोने का हिरण मारा था, सलमान खान पर काले हिरण मारने का आरोप लगा, जिसके बाद खूब हो-हल्ला हुआ। इस हो-हल्ले में सोहेल की राम कहीं खो गई।

लगता है फिल्मी दुनिया में राम से पहले जरूरत रावण की है, लिहाजा उसका चुनाव पहले हो रहा है। राम बाद में चुन लेंगे जी। अभी टी सीरीज वालों ने सैफ अली खान को रावण बना दिया है ‘आदिपुरुष’ नामक फिल्म में।

उन्होंने भी प्रभाष के रूप में राम बाद में चुना। पहले साढ़े पांच फुट के सैफ अली खान को फिल्म में आठ फुट का रावण बनाया। नौ नकली सिर लगाकर और ‘मैं लंकेश’ का घोष करके जब सैफ ठहाका लगाएंगे तो तैमूर कहेगा, पापा पागल हो गए हैं। करीना कपूर खान मुंह दबा कर हंसेंगी और सोचेंगी कि इस दशहरे पर तैमूर को रामलीला दिखाने का समय आ गया है।