Happy Birthday Ravi kishan: भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज एक्टर रवि किशन (Ravi Kishan) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अभिनेता से नेता तक का सफर तय किया। लेकिन उनके लिए ये सफर तय करना आसान नहीं था। उन्हें इंडस्ट्री का अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) कहा जाता है। आज वो जिस मुकाम पर हैं उसे उन्होंने खुद बनाया है। उन्होंने भोजपुरी में ही ना केवल बल्कि साउथ और बॉलीवुड में भी खूब काम किया है और एक्टिंग का लोहा मनवाया है। ऐसे में चलिए उनके बर्थडे के मौके पर आपको फर्श से अर्श की कहानी बताते हैं…

मशहूर अभिनेता और सासंद रवि किशन को बचपन से ही एक्टिंग का काफी शौक रहा है। वो गांव में होने वाली रामलीला में सीता का रोल प्ले किया करते थे। इसकी वजह से एक बार पिता ने उनकी पिटाई भी की थी, जिसके बाद वो घर से भागकर मुंबई आ गए थे। उनके पिता चाहते थे कि वो पढ़-लिखकर कोई अफसर बनें। लेकिन किस्मत को तो कुछ और ही मंजूर था और वो मुंबई चले आए। यहां उन्होंने काफी मुश्किलों को सामना किया।

500 रुपए से बदली किस्मत!

रवि किशन की किस्मत तब बदली जब मुंबई आए। यहां आकर संघर्ष और मेहनत तो करनी ही पड़ी। मगर वो आज उसी मेहनत के दम पर अच्छे मुकाम पर पहुंच गए हैं। एक्टर के पिता का डेरी का बिजनेस था। लेकिन डेरी का काम बंद हो गया तो उन्हें परिवार के साथ जौनपुर लौटना पड़ा। बचपन से एक्टिंग का शौक था तो रामायण में सीता का रोल कर लिया करते थे एक दिन पापा ने पकड़ लिया तो जमकर धुलाई की। फिर मां ने 500 रुपए देकर भगा दिया। तभी वो मुंबई चले आए और करियर बनाने के लिए संघर्ष करने लगे।

ना घर था, ना पेट भरने के लिए कोई काम

रवि किशन जब मुंबई आए तो उनके पास ना ही घर था और ना ही पेट भरने के लिए कोई काम था। यहां वो चॉल में रहने के लिए मजबूर थे। वो ऑडिशन देने के लिए जाते थे। इस दौरान कई बार पैसे मिल जाते थे तो कई बार कुछ नहीं मिलता था। एक्टर ने एक बार अपने संघर्ष को लेकर कहा था कि ‘लोग मुंबई में चलकर ऊपर आते हैं और वो रेंगकर यहां तक पहुंचे हैं। वो पैसे और फिल्म के पीछे भागते थे। उनके करियर की कई ऐसी फिल्में रही हैं, जिसके लिए उन्हें पैसे ही नहीं मिले।’

‘पितांबर’ से किया बॉलीवुड में डेब्यू

तमाम धक्के खाने के बाद रवि किशन की लाइफ आखिर वो वक्त भी आ गया था, जब उन्हें बॉलीवुड में पहला ब्रेक मिला। उन्होंने साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘पितांबर’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। वहीं, एक्टर ने टीवी में सीरियल ‘हैलो इंस्पेक्टर’ से डेब्यू किया था। हालांकि, रवि किशन ने तब सुर्खियां बटोरी जब उन्हें सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’ मिली। 2003 में रिलीज हुई फिल्म में उन्हें काम करने का मौका मिला। सपोर्टिंग रोल में एक्टर ने खूब सराहना बटोरी। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी में 2003 में फिल्म ‘सइयां हमार’ से एक्टिंग की शुरुआत की और दर्शकों के दिलों पर छा गए।

रवि किशन ने भोजपुरी में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। सफलता पाने के बाद उन्होंन कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। रिपोर्ट्स की मानें तो 500 रुपए लेकर भागने वाले रवि किशन आज करीब 20 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। वहीं, अब वो राजनीति में भी काफी एक्टिव हैं। वो बीजेपी से गोरखपुर के सांसद हैं।