अब बेयर ग्रिल्स के मश्हूर इंटरैक्टिव एडवेंचर शो मैन वर्सेज वाइल्ड में बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह नजर आने वाले हैं। इससे पहले अजय देवगन, अक्षय कुमार और रजनीकांत भी बेयर ग्रिल्स के इस शो में नजर आ चुके हैं। नेटफ्लिक्स ने हाल ही में इसका टीजर जारी किया है, जिसमें रणवीर सिंह पहाड़ों पर चढ़ते और जंगल में भागते नजर आ रहे हैं। टीजर में देखा जा सकता है कि जंगली भालू रणवीर के पीछे भागते दिख रहा है।

टीजर की शुरुआत जहरीले सांप, भेड़िए और भालू से होती है। रणवीर का चेहरा पसीने से लतपथ दिखाया गया है। टीजर के साथ ही रणवीर ने इसकी रिलीज डेट की घोषणा भी कर दी है। टीजर के साथ रणवीर ने शो की जल्द रिलीज होने की घोषणा कर दी है। रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर टीजर को शेयर किया है। जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा,”जंगल में मंगल। रणवीर वर्सेज वाइल्ड। रोमांचकारी रोमांच से भरपूर एक इंटरैक्टिव स्पेशल जल्द ही नेटफ्लिक्स पर आ रहा है।”

वीडियो में रणवीर कहते दिख रहे हैं, एक बटन दबाइये और मेरी जान बचाइये। बीते गुरुवार रणवीर ने एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, ‘जंगल जंगल पता चला है कि चीजें अब काफी वाइल्ड होने वाली हैं। तो सेफ्टी गियर बांध लो क्योंकि कभी भी कुछ भी हो सकता है।’

रणवीर सिंह अपने कपड़ों और मस्त अंदाज के लिए जाने जाते हैं, अब जंगल में खतरनाक जानवरों के बीच रणवीर का ये अंदाज पहली बार देखने को मिलने वाला है। हाल ही में रणवीर सिंह जयेशभाई जोरदार में नजर आए थे। इस फिल्म में रणवीर गुजराती दिखाए गए हैं, जो शादी शुदा है और दूसरी बार बेटी के पिता बनने वाले हैं। लेकिन रूड़ीवादी सोच के पिता और मां के कारण उसे अपनी बच्ची को बचाने के लिए गर्भवती पत्नी के साथ भागना पड़ता है।

इसके बाद रणवीर सिंह रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, सर्कस जैसी फिल्मों में मुख्य किरदार में नजर आएंगे। रॉकी और रानी में रणवीर के साथ आलिया भट्ट हैं। सर्कस में रणवीर जादूगर की भूमिका में दिखेंगे।