वेब सीरीज: रंगीन
ओटीटी प्लेटफॉर्म- प्राइम वीडियो
डायरेक्टर: कोपल नैथानी और प्रांजल दुआ
रेटिंग:3.5/5

कहते हैं ना कि सफलता ऐसी होनी चाहिए, जिसके बाद शोर मच जाना चाहिए। पुराने जमाने में सफलता पर बड़ी कहावते हैं। पूर्वज कह गए हैं कि जो चीज देर से मिलती है वो दुरुस्त मिलती है और ये कहीं ना कहीं सच भी साबित होती है। इन दिनों इसका जीता जागता सबूत एक्टर विनीत कुमार सिंह हैं। करियर में सफलता सालों की मेहनत के बाद मिली लेकिन, ऐसी मिली कि चारों तरफ उनका बिगुल बज रहा है। पहचान तो उनको फिल्म ‘मुक्काबाज’ से मिली लेकिन स्टारडम विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ से। ‘मुक्काबाज’ से लेकर ‘छावा’ तक का सफर करना काफी कठिन रहा। इस बीच अलग-अलग रोल प्ले किए। सनी देओल की ‘जाट’ में विलेन भी बन गए। लेकिन, इस बार वो थोड़े अलग मूड और अंदाज में दिखे हैं, जिसमें उन्हें आप थोड़ा ‘रंगीन’ मिजाज का देखेंगे।

जी हां आपने सही पढ़ा। दरअसल, हम आपको विनीत कुमार सिंह की वेब सीरीज ‘रंगीन’ के बारे में बता रहे हैं, जिसे आज यानी कि 25 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया है। इसकी कहानी एक अधेड़ उम्र के अखबार संपादक की है, जिसकी जिंदगी ऊबाऊ, असफल शादी और एक ठहरी हुई नौकरी के बीच उलझी हुई है। इसमें विनीत आदर्श का रोल प्ले कर रहे हैं, जो कि जर्नलिस्ट होते हैं लेकिन, उलझी और ऊबाऊ लाइफ के बीच कुछ ऐसा होता है कि जिंदगी की पटरी उनको जिगोलो बनने पर मजबूर कर देती है। आदर्श के जीवन की रफ्तार थोड़ी धीमी है। विनीत कुमार सिंह और मनोरम राजश्री देशपांडे अभिनीत इस वेब सीरीज की कहानी आत्म-सम्मान, पहचान और पुरुष अहं की है। इसकी कहानी काफी रोचक और अलग है। इसके साथ आप एक नॉर्मल इंसान की जिंदगी को जोड़ती है, जो आजकल अक्सर देखने के लिए मिलता भी है। जैसे जैसे कहानी आगे बढ़ती है रोमांच और भी जबरदस्त होता जाता है।

विनीत कुमार सिंह अभिनय के निकले ‘मुक्काबाज’

वेब सीरीज ‘रंगीन’ के जरिए विनीत कुमार सिंह ने एक बार फिर से खुद को साबित कर दिया है कि वो केवल फिल्म के ही नहीं बल्कि अभिनय के भी मुक्काबाज हैं। विनीत ने जिस भी किरदार को किया उसको स्क्रीन पर जीवंत कर दिया। ‘छावा’ में जिस तरीके से उन्होंने स्क्रीन पर छाप छोड़ी वो कमाल की थी। ‘रंगीन’ में एक्टर ने आदर्श का शानदार अभिनय किया है। आदर्श का किरदार एक ऐसे व्यक्ति का है, जो अपनी पहचान और आत्म-सम्मान के संकट से जूझ रहा है। इसे विनीत ने बहुत ही अच्छे तरीके से निभाया है। उनके किरदार की तीन कड़िया हैं, पहला आम आदमी और उसकी उलझी जिंदगी, फिर एक जर्नलिस्ट की भूमिका उसके बाद एक जिगोलो बनना। ये तीनों ही किरदार एक ही कैरेक्टर में है, जो थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

वहीं, राजश्री देशपांडे ने नैना की भूमिका प्ले की है। उनका किरदार थोड़ा और दिलचस्प हो सकता था लेकिन, उन्हें बहुत ही सीमित स्क्रीन स्पेस मिला है। नैना के किरदार में कमी सी लगती है लेकिन जितना भी उसे राजश्री ने अच्छे से प्ले किया है। इसके साथ ही तारुक रैना जिगोलो सनी की भूमिका निभाई है। वो कहानी में ट्विस्ट लाते हैं। उनका किरदार कहानी में रंग जरूर भरता है। उन्होंने भी अपने सीमित रोल से स्क्रीन पर अच्छी छाप छोड़ी है। इस ड्रामा वेब सीरीज में शीबा चड्ढा भी हैं, जो सितारा नाम का रोल प्ले कर रही हैं। वो बुटीक की आड़ में जिगोलो सर्विस चलाती हैं। उनकी प्रजेंस शांत और असरदार होती है।

डायरेक्शन

वेब सीरीज ‘रंगीन’ का निर्देशन कोपल नैथानी और प्रांजल दुआ ने किया है। कसा हुआ निर्देशन देखकर कह सकते हैं कि उन्होंने इसकी स्क्रिप्ट पर काफी काम किया। इसकी शुरुआत धीमी जरूर होती है। किसी की उलझी हुई जिंदगी को स्क्रीन पर उतारना आसान नहीं होता है वो भी तब जब एक ही इंसान कई कड़ियों को प्ले कर रहा होता है, जो कि एकदम अलग-अलग हों। विनीत को आदर्श के रूप में दिखाना आसान नहीं था। डायरेक्टर ने विनीत जैसे कलाकार को स्क्रीन पर धूमिल नहीं पड़ने दिया। हालांकि, कुछ किरदार और कड़ियां आपको जरूर कमजोर लगती है लेकिन, कुल मिलाकर आप एक बार इसे देखना शुरू करेंगे तो अंत में ही छोड़ेंगे। ‘रंगीन’ का म्यूजिक भी कमाल का है, जो हर कड़ी को मजबूत बनाता है।

आपको बता दें कि विनीत कुमार सिंह की वेब सीरीज ‘रंगीन’ के कुल 9 एपिसोड हैं। ये इस हफ्ते वीकेंड पर आपके लिए एक अच्छा वेब शो साबित हो सकती है। विनीत कुमार को ‘छावा’ के बाद काफी पॉपुलैरिटी मिली। ऐसे में उनका इस बार का अलग अवतार अलग ही अनुभव करता है। ये वेब सीरीज भी आपके लिए अच्छा अनुभव हो सकती है। ऐसे में मेरी ओर से इस सीरीज को 5 में से 3.5 स्टार।

बंद हुआ ULLU App, अश्लीलता फैलाने वाले 25 ऐप को सरकार ने किया बैन, लिस्ट में ये बड़े नाम भी शामिल